ज्ञानदास को बनाया मंदिर निर्माण समिति का अध्यक्ष
अयोध्या। अखिल भारतीय हिंदू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी चक्रपाणि महाराज ने हनुमानगढ़ी के महंत ज्ञानदास को श्रीरामजन्मभूमि मंदिर निर्माण समिति का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है। पद स्वीकार करने के लिए उन्होंने एक पत्र भी महंत ज्ञानदास को भेजा है। पत्र में कहा गया है कि महंत ज्ञानदास की सनातन निष्ठा को देखते हुए अखिल भारतीय हिंदू महासभा तथा संत महासभा संविधान की धारा 8 के अंतर्गत उन्हें श्रीरामजन्मभूमि मंदिर निर्माण समिति का अध्यक्ष नियुक्त करती है। इस पत्र के जरिए महंत ज्ञानदास को अयोध्या में भव्य श्रीराममंदिर निर्माण हेतु सभी पक्षों से वार्तालाप कर आपसी भाईचारे व सद्भावना के साथ अयोध्या मंदिर निर्माण में भूमिका का निर्वहन करने का अधिकार भी दिए जाने की बात कही है। इस बात की पुष्टि करते हुए महंत ज्ञानदास ने कहा कि चक्रपाणि का नियुक्ति पत्र मिला है, उस पर वे विचार कर रहे हैं।