लोक अदालत में निपटे 6174 मामले
फैजाबाद। शनिवार को कचहरी परिसर में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में 6174 मामले निपटे। इसके साथ ही चार लाख रुपये का अर्थदंड लगाया गया। प्रशासनिक न्यायाधीश डीके उपाध्याय ने लोक अदालत की समीक्षा की, साथ ही निरीक्षण भी किया।
राष्ट्रीय लोक अदालत जिला जज अनिल कुमार ओझा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। लोक अदालत के नोडल अफसर व अपर जिला जज द्वितीय मोहम्मद अली ने बताया कि लोक अदालत में कुल 6174 वादों को निस्तारित किया गया।
प्रतिकर याचिका संबंधित 12 वादों को निस्तारित किया गया जिसके एवज में 25.04 लाख रुपये दिलाया गया। बैंक रिकवरी संबंधित 540 प्री लिटिगेशन वाद निस्तारित किए गए। बैंक संबंधित ऋण 2.03 करोड़ वसूले गए।
पारिवारिक न्यायालय द्वारा 42 मुकदमों को निस्तारित किया गया। संबंधित मजिस्ट्रेटों ने 5985 फौजदारी वादों को निस्तारित किया। जिसके एवज में 4.90 लाख रुपये अर्थदंड आरोपित किया गया।