अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था कायम रखना प्राथमिकता : एसपी ग्रामीण
अयोध्या। ग्रामीण क्षेत्रों में बीट पुलिसिंग, गश्त, फुट पेट्रोलिंग के माध्यम से सुरक्षा का वातावरण तैयार किया जाएगा। अपराध पर नियंत्रण रखना, कानून व्यवस्था कायम रखने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।
अपराध करने वाले, उन्हें संरक्षण देने वाले को बख्शा नहीं जाएगा। ये बात नवागत एसपी ग्रामीण शैलेंद्र कुमार सिंह ने कही। उन्होंने सोमवार को जिला मुख्यालय पर अपना पदभार ग्रहण किया।
ध्यान रहे कि करीब एक पखवाड़ा पूर्व ही यहां तैनात रहे एसपी ग्रामीण संजय कुमार का सीतापुर पीएसी में तबादला हुआ था। 1997 बैच के पीपीएस अधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह इससे पूर्व बलरामपुर में एसपी ग्रामीण के पद पर तैनात थे।
उन्होंने कहा कि शासन के मंशा अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में अपराध पर नियंत्रण रखना व कानून व्यवस्था कायम रखना उनकी प्राथमिकता होगी। घटनाओं का जल्द अनावरण, महिला अपराध पर काबू, थानों में फरियादियों के साथ अच्छा व्यवहार व शिकायत पर तत्काल केस दर्ज करने का प्रयास किया जाएगा।
कहा कि जनता की शिकायतों व समस्याओं को सुनकर उन्हें हर हाल में राहत देने का प्रयास किया जाएगा। मूलत: बिहार के रहने वाले एसपी ग्रामीण ने उच्च शिक्षा इलाहाबाद से ली है।