साकेत कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव, 39 प्रत्याशियों ने खरीदे पर्चे, नामांकन आज
अयोध्या। साकेत महाविद्यालय छात्रसंघ चुनाव का घमासान तेज हो गया है। कड़ी सुरक्षा के बीच मंगलवार को कॉलेज के प्रशासनिक भवन में पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक नामांकन पत्रों की बिक्री चली।
छात्रसंघ के चार पद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महामंत्री व उपमंत्री के लिए कुल 39 प्रत्याशियों ने 48 पर्चे खरीदे, कई प्रत्याशियों ने दो सेट में पर्चे खरीदे हैं। आज नामांकन प्रक्रिया होगी।
महाविद्यालय के प्रवेश द्वार पर मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. एसपी सिंह पुलिस बल के साथ परिसर में प्रवेश करने वाले छात्र-छात्राओं तथा लोगों के परिचय पत्र धारक होने या न होने की तस्दीक करते रहे।
उधर, प्रशासन की सख्ती और चौकसी के बीच प्रत्याशियों और उनके समर्थकों का उत्साह रह रहकर दम भरता रहा। वाहनों के काफिले और समर्थकों के हुजूम के साथ प्रत्याशी महाविद्यालय के दूसरे छोर पर चाय की चुस्कियों के साथ राजनीतिक समीकरण को बैठाने को लेकर मंत्रणा करते रहे।
चुनाव अधिकारी डॉ. एस पी सिंह ने स्पष्ट किया की लिंगदोह कमेटी के प्रावधानों का सख्ती से पालन किया जा रहा है। महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी मनोज छापड़िया ने बताया कि विभिन्न पदों के लिए मंगलवार को कुल 48 पर्चे खरीदे गए।
जिसमें अध्यक्ष पद के लिए आठ, उपाध्यक्ष हेतु 15, महामंत्री के लिए 14 और उपमंत्री के लिए 11 नामांकन पत्र खरीदे गए । बताया की 19 दिसंबर को पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक नामांकन होगा।
साकेत छात्रसंघ चुनाव को सियासी नर्सरी माना जाता है। इसीलिए छात्रसंघ चुनाव में सपा, बसपा, भाजपा, कांग्रेस सहित शिवपाल की पार्टी भी चुनाव मैदान में जोर आजमाइश की तैयारी में जुटी है।
कांग्रेस की एनएसयूआई प्रत्याशी उतार रही है। तो शिवपाल की पार्टी ने भी चारों पदों पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने भी मंगलवार को चारों पदों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है।
परिषद की बैठक में जिला संयोजक बृजेश वर्मा, विभाग संयोजक अंकित शुक्ला ने अध्यक्ष पद पर राजा बाबू पांडेय विराट, उपाध्यक्ष पद पर विशाल कुमार वैश्य, महामंत्री पद पर अंकुर सिंह तथा उपमंत्री पद पर राजहंस मिश्रा राजू के नाम की घोषणा की गई।