फुटबाल में फैजाबाद और सुल्तानपुर चैंपियन
फैजाबाद। विद्यालयीय क्रीड़ा समिति के तत्वावधान में मंडलीय स्कूली फुटबाल प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिसका उद्घाटन क्रीड़ा अधिकारी मुकेश सब्बरवाल ने किया। सीनियर वर्ग में फैजाबाद व जूनियर वर्ग में सुल्तानपुर चैंपियन रहा। समापन पर जिला विद्यालय निरीक्षक फैजाबाद राजबहादुर सिंह चौहान ने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की।
सीनियर मुकाबले में सुल्तानुपर और अंबेडकरनगर के बीच खेले गए मुकाबले में सुल्तानपुर के खिलाड़ियों ने गोल कर टीम को 1-0 से बढ़त दिलाई। मध्यांतर के बाद अंबेडकरनगर की टीम ने मैच में वापसी करते हुए मैच के 55वें मिनट में गोल कर गोल अंतर को कम कर दिया। सुल्तानपुर ने 5-2 से जीत दर्ज कर खिताबी दौर में प्रवेश किया। फाइनल मैच फैजाबाद और सुल्तानपुर के बीच खेला गया। फैजाबाद की टीम ने मैच के 25वें मिनट में गोल कर टीम को 1-0 से बढ़त दिला दी। मैच के सभी 6 गोल फैजाबाद के हिमांशु राय ने किए।
अंडर 14 बालक वर्ग में खेले गए पहले मुकाबले में सुल्तानपुर ने अंबेडकरनगर को 5-0 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। अंडर 14 वर्ग में फैजाबाद और सुल्तानपुर के बीच खेले गए फाइनल मुकाबले में मध्यांतर तक दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। इसके बाद सुल्तानपुर के सचिन वर्मा ने टीम के लिए विजयी गोल किया। इस अवसर पर धीरेंद्र प्रताप सिंह, सचिव धर्मेंद्र सिंह, संयुक्त सचिव अभिषेक सिंह, संजोग यादव, राजीव यादव, धीरेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।