फैजाबाद। पहाड़ों पर हो रही लगातार वर्षा व बैराजों से पानी छोड़े जाने से सरयू का जलस्तर लाल निशान के करीब पहुंच गया हैै। शनिवार की शाम को सरयू का जलस्तर खतरे के निशान से मात्र आठ सेमी नीचे रह गया। जलस्तर शाम पांच बजे 92.65 मीटर रिकार्ड किया गया है।
दूसरी ओर जलस्तर में प्रति घंटे एक सेमी की रफ्तार से वृद्धि हो रही है। जलस्तर देर रात तक लाल निशान को पार करने की संभावना है। इसके चलते प्रशासन की ओर से अलर्ट जारी कर दिया है। बाढ़ नियंत्रण की सभी चौकियों पर अधिकारी व कर्मचारी तैनात कर दिए गए हैं। दूसरी ओर सरयू के बढ़ते जलस्तर को देखकर कछार में दहशत का माहौल है। कछारवासियों का उपरहार की शरण में पलायन शुरू हो गया है।
पिछले चार दिनों से सरयू के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है। बुधवार को सरयू के जलस्तर में 17, गुरुवार को 26 सेमी व शुक्रवार को 10 सेमी की वृद्धि हुई है। शनिवार को भी जलस्तर के बढ़ने का क्रम जारी है। पहाड़ों पर हो रही वर्षा के चलते पिछले पांच दिनों से गिरजा व शारदा बैराज से पानी छोड़ा जा रहा है। 23 जुलाई को दोनों बैराजों से 1.27 लाख क्यूसेक, 24 जुलाई को 1.46 लाख क्यूसेक व 25 जुलाई को 1.71 लाख क्यूसेक, 23 जुलाई को 2.17 लाख क्यूसेक व 27 जुलाई को 1 लाख 67 हजार 955 क्यूसेक पानी सरयू में छोड़ा गया है। इससे नदी के जलस्तर में तेजी से वृद्धि हुई है।
60 घंटे बीत जाने के बाद यह पानी अब अयोध्या में पहुंचना शुरू हो गया है। शनिवार की सुबह आठ बजे एक बार फिर सरयू शारदा, गिरजा व सरयू बैराज से 2 लाख 52 हजार 830 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। फिलहाल नदी का जलस्तर प्रति घंटे एक सेमी बढ़ रहा है। केंद्रीय जल आयोग नेे शाम पांच बजे सरयू का जलस्तर 92.65 मीटर रिकार्ड किया है।
लगातार बैराजों से छोड़े जा रहे पानी के कारण सरयू के जलस्तर में रफ्ता-रफ्ता वृद्धि होने के आसार हैं। सरयू देर रात्रि में या सुबह तक लाल निशान को पार कर सकती है। संभावनाओं के चलते प्रशासन व बाढ़ राहत खंड पूरी तरह से अलर्ट हो गया है। सभी चौकियों की निगरानी शुरू हो गई। बाढ़ नियंत्रण खंड पहले हुए कटान के स्थानों की पूरी निगरानी कर रहा है। हालांकि रौनाही व एबी तटबंध कई जगहों पर पानी पहुंच गया है।
कुछ जगहों पर अभी पानी तटबंध तक नहीं पहुंचा है। दूसरी ओर सरयू के बढ़ते स्वरूप को देखकर कछार में दहशत है। रौनाही तटबंध के कछार में रहने वाले काफी ग्रामीण बंधे पर आ चुके हैं। हालांकि अभी तटबंध पर कटान की कोई संभावनाएं नहीं हैं लेकिन प्रशासन व बाढ़ नियंत्रण विभाग पूरी तरह से अलर्ट हो गया है।
अधीक्षण अभियंता, बाढ़ खंड सीएम यादव ने कहा कि बैराजों से छोड़े गए पानी के कारण अगले 24 घंटे में सरयू के जलस्तर लाल निशान को पार कर सकता है। बैराजों से छोड़े गए पानी के कारण अभी दो दिन सरयू में पानी बढ़ने की संभावना बनी हुई है। बाढ़ नियंत्रण विभाग पूरी सक्रियता बनाए हुए है। अधिकारियों की ओर से प्रति घंटे रिपोर्टिंग की जा रही है।