100 एकड़ में बनेगा नया इंडस्ट्रियल एरिया
फैजाबाद। जिले में नया इंडस्ट्रियल एरिया बनाने की कवायद शुरू हो गई। उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास लिमिटेड (यूपीएसआईडीसी) के प्रस्ताव के अनुसार 100 एकड़ भूमि पर साइट तीन का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए प्रक्रिया शुरू गई है। जिले के सभी एसडीएम को पत्र लिखकर अपनी-अपनी तहसील में भूमि तलाश करने के लिए कहा गया था, मगर उनकी ओर से हाथ खड़ा करने के बाद अब जिला प्रशासन ने भूमि की तलाश शुरू की है।
यूपीएसआईडीसी के अनुसार कि 100 एकड़ की नई साइट के लिए सस्ती भूमि की तलाश की जा रही है। अभी हाल ही में प्रदेश सरकार की ओर से आयोजित इंवेस्टर समिट में काफी उद्यमियों ने लखनऊ-गोरखपुर हाईवे पर उद्योग स्थापित करने में रुचि दिखाई थी। फैजाबाद के उद्यमियों ने भी नया इंडस्ट्रियल एरिया बनाए जाने की मांग की थी। इसके अलावा प्रतिमाह जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में भी उद्यमियों की ओर से नए इंडस्ट्रियल एरिया की मांग की जाती रही है। तमाम मांगाें के दृष्टिगत शासन की ओर से नया इंडस्ट्रियल एरिया विकसित किए जाने की बात कही गई है। इस प्रस्ताव को अमल में लाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पहले यूपीएसआईडीसी व जिला प्रशासन ने बैठक कर नए इंडस्ट्रियल एरिया 100 एकड़ में विकसित किए जाने की योजना बनाई। इसके उपरांत जिला प्रशासन की ओर से अपने सभी एसडीएम को पत्र लिखकर 100 एकड़ भूमि चिह्नित किए जाने के निर्देश दिए गए थे।
एसडीएम को भेजे गए पत्रों में ग्राम समाज या खाली पड़ी सरकारी भूमि की बात की गई थी। इस पर सभी एसडीएम ने इस प्रकार की 100 एकड़ भूमि न होने की रिपोर्ट दे दी। इसके बाद प्रशासन ने अधिग्रहण के लिए भूमि तलाशने का कार्य शुरू किया है। यूपीएसआईडीसी का मानना है कि सस्ती भूमि से ही नई साइट शुरू हो सकती है। मंहगी भूमि का अधिग्रहण करने पर पर चार गुना मुआवजा, फिर विकसित करने में काफी भूमि की क्षति व डेवलपमेंट चार्ज को जोड़कर भूमि का दाम आठ गुना हो जाएगा। इसमें उद्यमी इंवेस्ट करने में कतराएंगे तो नई साइट में काफी धनराशि की क्षति होगी।
दोनों इंडस्ट्रियल साइट में सभी प्लाट बुक
मौजूदा समय में यूपीएसआईडीसी की साइट वन व साइट टू नाम के दो इंडस्ट्रियल एरिया है। साइट वन पर 78 प्लाट व 28 यूनिट कार्य कर रही हैं। साइट वन 63.00 एकड़ में फैला है। इसी प्रकार साइट टू पर में 96 प्लाट व 38 यूनिट बनी हैं। साइट टू 44 एकड़ में है। दोनों साइटों पर सभी प्लाट बुक हैं। यह अवश्य है कि कुछ यूनिटों में काम बंद पड़ा है।
फैजाबाद में साइट वन व साइट टू के नाम से दो इंडस्ट्रियल एरिया है। दोनों साइटों पर सभी प्लाट पहले से बुक हैं। उद्यमियों की मांग शासन के निर्देश पर 100 एकड़ के लिए नई साइट खोजी जा रही है। जिला प्रशासन व यूपीएसआईडीसी की ओर से अधिग्रहण के योग्य भूमि की तलाश है।- यूके श्रीवास्तव, क्षेत्रीय प्रबंधक, यूपीएसआईडीसी, फैजाबाद