सोहावल। रौनाही थाना क्षेत्र के टोल प्लाजा तहसीनपुर में शुक्रवार की शाम बसपा नेता और टोल कर्मियों के बीच टोल वसूली को लेकर मारपीट हुई। इस दौरान दोनों तरफ से असलहे लहराकर फायरिंग की गई, जिससे भगदड़ मच गई। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे एसएसपी सुभाष सिंह बघेल सहित रौनाही थाने व आसपास के थानों के पुलिस बल को मौके पर बुला लिया गया। इस फायरिंग से करीब आधे घंटे टोल वसूली प्रभावित रही।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम करीब 6:15 बजे बसपा नेता जयकरण वर्मा निवासी तहसीनपुर व उनके साथी दो एसयूवी पर सवार होकर लखनऊ की तरफ जा रहे थे। रास्ते में तहसीनपुर टोल प्लाजा पर वसूली के दौरान उनकी कर्मियों से बहस हो गई। बहस बढ़ने पर बसपा नेता ने अपने लाइसेंसी असलहे से हवाई फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में वहां मौजूद सुरक्षा गार्ड ने भी फायरिंग की। पुलिस के अनुसार टोल टैक्स के लेनदेन को लेकर विवाद दोपहर में ही शुरू हुआ था। उसी की खुन्नस ने शाम को उग्र रूप लिया और नतीजा फायरिंग तक पहुंच गया। पुलिस बसपा नेता जयकरन वर्मा व उनके दो साथियों सहित टोल प्लाजा के दो गार्डों वीर सिंह व गोबिंद सिंह को रौनाही थाने ले गई, जहां दोनों पक्षों से गरमा गरम बहस होती रही।
एसपी ग्रामीण संजय कुमार ने बताया कि टोल प्लाजा पर कहासुनी में फायरिंग हुई है। दोनों पक्षों को थाने पर लाया गया है। सीसीटीवी फुटेज तलाशा जा रहा है, इसके आधार पर दोषियों को पहचान उचित कार्रवाई की जाएगी। टोल प्लाजा के मैनेजर सर्वेश शर्मा ने बताया घटना में प्लाजाकर्मी पवन सिंह की ओर से जयकरन वर्मा के विरुद्ध मारपीट की तहरीर दी गई है।
मामले में बसपा नेता जयकरन वर्मा का कहना है कि टोलकर्मियों ने मेरे साथ गुंडई की और मेरी गाड़ी को रोकने का प्रयास किया और मैंने फायरिंग नहीं की है।