जांच में हुई पुष्टि, अलग वार्ड में भर्ती कर हो रहा इलाज
फैजाबाद। जिले में डेंगू पीड़ितों की संख्या बढ़ती जा रही है। जिला अस्पताल में डेंगू से पीड़ित दो अन्य मरीजों को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है, फिलहाल उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है। हालांकि इस बार डेंगू रोगियों की संख्या में गत वर्ष के सापेक्ष सुधार की बात कही जा रही है।
फिर भी अभी तक इस वर्ष में डेंगू के कुल नौ मरीज मिल चुके हैं, जबकि एक की मौत भी हो चुकी है। मंगलवार को जिला अस्पताल के संक्रामक वार्ड में डेंगू के दो और मरीज भर्ती मिले। इनायतनगर थाना क्षेत्र के हल्या परिकापुर निवासी राम बहादुर का 6 वर्षीय पुत्र अनुराग डेंगू की चपेट में आ गया।
जांच में डेंगू की पुष्टि होने पर सुरक्षित वार्ड में भर्ती कर उसका इलाज किया गया। मंगलवार को ही देवकाली के सुबोध मिश्रा तेज बुखार आदि से पीड़ित होकर जिला अस्पताल पहुंचे। जांच में डेंगू की पुष्टि के बाद उन्हें भी संक्रामक वार्ड में भर्ती कराया गया।
फिलहाल अभी तक दोनों मरीजों की हालत में सुधार बताया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इस बार डेंगू के मरीजों की संख्या पिछले वर्ष की अपेक्षा काफी कम है। इस बार अब तक डेंगू के संदेह पर 164 मरीजों की जांच की गई है जिनमें से नौ में डेंगू की पुष्टि होने पर उनका इलाज किया गया।
तारुन के एक व्यक्ति की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत भी हो चुकी है। सीएमएस डॉ. हरिओम श्रीवास्तव ने बताया कि अस्पताल में इलाज की समुचित व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं। डेंगू की पुष्टि होने पर मरीजों को संक्रामक वार्ड में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।