शिक्षकों का डाटा होगा ऑनलाइन, जुड़ेगा आधार कार्ड से
अमर उजाला ब्यूरो
फैजाबाद। अवध विश्वविद्यालय के शिक्षकों का डाटा ऑनलाइन करके आधार से जोड़ा जाएगा, जिससे कई जगह पर अनुमोदित शिक्षकों की उपस्थिति को पारदर्शी बनाया जा सके। यह बातें अवध विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मनोज दीक्षित ने कही।
वह उत्तर प्रदेश स्ववित्तपोषित महाविद्यालय शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. नीरज बाजपेई के नेतृत्व में मिलने आए शिष्टमंडल से बातचीत कर रहे थे। डॉ. दीक्षित ने बताया कि स्ववित्त पोषित महाविद्यालय के शिक्षकों और प्राचार्यों के लिए वरिष्ठता सूची बनाने के लिए कमेटी गठित कर दी गई है, जो जल्द ही शिक्षकों की वरिष्ठता सूची को जारी कर देगी। इसके साथ ही महाविद्यालयों के शिक्षक और प्राचार्य का डाटा आधार कार्ड से जोड़ करके उसे और पारदर्शी बनाया जाएगा। मुलाकात से पहले शिष्ट मंडल के सदस्यों द्वारा कुलपति को स्मृति चिह्न भेंट कर माल्यार्पण किया गया। इस अवसर पर शिष्टमंडल में विनायक पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जितेंद्र सिंह, संघ के प्रवक्ता डॉ. विंध्यमणि त्रिपाठी, डॉ. सत्यनारायण पांडे, डॉ. अमित सिंह, डॉ. सुधीर श्रीवास्तव, डॉ. देवेंद्र उपाध्याय व डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह आदि शामिल रहे।