अयोध्या। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाओं के लिए परीक्षा केंद्रों की बहु प्रतीक्षित सूची जारी कर दी गई है। जिले से भेजे गए विवरण के उपरांत हुए ऑनलाइन केंद्र निर्धारण में 128 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इन पर आपत्ति के लिए 30 जनवरी तक का समय दिया गया है। इसके उपरांत परीक्षा समिति की बैठक से अनुमोदित सूची को बोर्ड द्वारा अंतिम रूप से जारी किया जाएगा।
जिले में माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत 24 राजकीय, 50 सहायता प्राप्त व शेष वित्तविहीन विद्यालयों सहित करीब 419 विद्यालय संचालित हैं। जहां मौजूदा सत्र में 85581 बच्चे पंजीकृत हैं। इनमें हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के संस्थागत क्रमश: 45266 व 38841 और व्यक्तिगत 267 व 1207 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। इस बार कोरोना संक्रमण की वजह से बोर्ड परीक्षाओं को लेकर के तैयारियां भी विलंब से शुरू हुई।
बीते माह ही सभी विद्यालयों से अपनी मूलभूत सुविधाओं, संसाधनों आदि से संबंधित विवरण उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर ऑनलाइन फीड करने के लिए निर्देशित किया गया था। जिस क्रम में विद्यालयों ने अपने विवरण भी प्रस्तुत किए, साथ ही तहसीलवार जांच भी कराई गई। संबंधित उप जिलाधिकारियों के रिपोर्ट के बाद भेजी गई आख्या पर ऑनलाइन केंद्र निर्धारण किया गया तो 128 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाते हुए सूची जारी की गई है।
पहली सूची में केंद्र बने विद्यालयों में सात राजकीय, 43 सहायता प्राप्त व शेष वित्तविहीन विद्यालय शामिल हैं। केंद्र बने इन विद्यालयों पर शासन की ओर से ही आपत्ति का अवसर भी प्रदान किया गया है। 30 जनवरी तक केंद्रों से संबंधित आपत्ति कोई भी व्यक्ति वेबसाइट सहित कार्यालय में पहुंचकर भी दे सकता है। इसके उपरांत अंतिम केंद्र निर्धारण किया जाएगा।
यूपी बोर्ड की परीक्षा के लिए ऑनलाइन के निर्धारण हो चुका है, जिसमें 128 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। केंद्रों पर आपत्ति का अवसर 30 जनवरी तक दिया गया है। जिनके निस्तारण के बाद अंतिम सूची का अनुमोदन किया जाएगा। -आरबी सिंह चौहान, जिला विद्यालय निरीक्षक, अयोध्या