परिवर्तन के लिए बदलनी पड़ेगी सोच
अयोध्या। भाजपा युवा मोर्चा द्वारा अवध विवि के संत कबीर सभागार में युवा संसद का आयोजन किया गया। युवाओं ने ज्वलंत मुद्दों को लेकर उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी व अवध क्षेत्र के प्रभारी गोवर्धन झड़पिया से सवाल पूछे। झड़पिया ने कहा कि केवल कानून बनाने से सोच नहीं बदलती। परिवर्तन के लिए सोच बदलनी पड़ती है।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार प्रधानमंत्री ने स्वच्छता को लेकर लोगों की सोच बदली। स्वच्छता के प्रति लोगों के बदलते नजरिए का असर अब दिखाई पड़ रहा है। क्षेत्रीय अध्यक्ष सुरेश तिवारी ने कहा कि युवा देश की रीढ हैं।
अवध क्षेत्र की 16 लोकसभा क्षेत्रों में भाजपा को विजय दिलाने के लिए युवाओं को आगे आना होगा। सांसद लल्लू सिंह ने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ताओं का सबसे ज्यादा सम्मान है। युवाओं के भविष्य को देखते हुए सरकार ने कई योजनाएं दी हैं।
शिक्षा क्षेत्र को बेहतर बनाया गया है। महापौर ऋषिकेश उपाध्याय ने कहा कि प्रतिभाओं को बेहतर अवसर प्रदान करने के लिए केंद्र व प्रदेश सरकार कटिबद्ध है। युवा मोर्चा के संघर्षों की बदौलत भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है।
कार्यक्रम का शुभारंभ श्याम प्रसाद मुखर्जी व दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण कर हुआ। जिलाध्यक्ष अवधेश पांडेय व महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने भी विचार रखे।
इस अवसर पर क्षेत्रीय महामंत्री दिनेश तिवारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष युवा मोर्चा विकास सिंह, मिथलेश त्रिपाठी, शिवम सिंह, अविनाश वर्मा, सुनील मिश्रा, पवन चौरसिया आदि मौजूद रहे।