इकबाल अंसारी के एक सुरक्षाकर्मी को हटाया
अयोध्या। अयोध्या मामले के मुस्लिम पक्षकार इकबाल अंसारी की सुरक्षा घटा दी गई है। इकबाल अंसारी की सुरक्षा में तैनात दो सुरक्षाकर्मियों में से एक सुरक्षाकर्मी को शुक्रवार को सुरक्षा से हटा दिया गया। अब इकबाल की सुरक्षा एक सुरक्षाकर्मी के ही हवाले होगी।
इकबाल अंसारी ने बताया कि उनकी सुरक्षा कम कर दी गई है। कहा कि उन्होंने 22 मार्च को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर वाई श्रेणी की सुरक्षा प्रदान करने की मांग की थी। जिस पर 23 मार्च को उन्हें एक और गनर देकर दो सुरक्षा कर्मी कर दिए गए थे।
अब सुरक्षा में कटौती करते हुए एक हटा दिया गया है। इकबाल ने कहा कि उनके पिता मोहम्मद हाशिम अंसारी बाबरी मस्जिद के मुद्दई थे। सरकार ने उन्हें वाई श्रेणी की सुरक्षा प्रदान कर रखी थी। 20 मई 2016 को उनका इंतकाल हो गया।
उनके इंतकाल के बाद से ही सुरक्षा में कटौती शुरू कर दी गई। सुप्रीम कोर्ट में अयोध्या मामले की सुनवाई शुरू हो गई है। वह मामले में मुख्य पक्षकार हैं। ऐसे में उन्हें असुरक्षा की भावना महसूस होने लगी है।
कहा कि पर्याप्त सुरक्षा न होने के कारण वह सुनवाई में शामिल होने के लिए दिल्ली नहीं जा पाते है। इकबाल ने कहा कि वह शीघ्र ही मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अपनी सुरक्षा बढ़ाने की मांग करेगें।