चार माह में आ जाएगा राममंदिर पर फैसला : कोकजे
अयोध्या। चार माह के भीतर राममंदिर पर निर्णय आ जाएगा। हम फैसले का इंतजार करेंगे। ये बातें विहिप के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु सदाशिव कोकजे ने कहीं। वे गुरुवार को अयोध्या के कारसेवकपुरम में संचालित विहिप के परिषद शिक्षा वर्ग में पहुंचे थे।
पत्रकारों से बातचीत में कानून बनाने के सवाल पर कहा कि न्यायालय में मामला चल रहा है। कोर्ट के निर्णय का इंतजार करना चाहिए। क्योंकि न्यायालय से उस पर प्रतिबंध है न सरकार कुछ कर सकती है और न हम कर सकते हैं। न्यायालय का निर्णय आने के बाद हम आगे की बात करेंगे। कोकजे ने कहा कि यदि प्रतिकूल निर्णय आता है तो जो परिस्थिति बनेगी उस पर संतों, आम जनता से सलाह लेंगे। उसके बाद रणनीति बनाएंगे। हमारा सामूहिक नेतृत्व वाला संगठन है। विहिप अध्यक्ष ने कहा कि हम पहले ही 90 प्रतिशत जीत चुके हैं। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने यह सिद्ध कर दिया है कि यहां राममंदिर था। यह रामजन्मभूमि है। आस्था का केंद्र है। सिर्फ उन्होंने जमीन को तीन भागों में बांट दिया है। उसी से विवाद है उसका निस्तारण सुप्रीम कोर्ट को करना है। कहा कि जैसे कोर्ट खुलेगी सुनवाई शुरू होगी, ज्यादा से ज्यादा 15 दिन 20 दिन चलेगी, उसके बाद बेंच को महीना डेढ़ महीना निर्णय देने के लिए मिलेगा। हम उम्मीद करते हैं कि सितंबर के अंत तक फैसला आ जाएगा। चार महीने में सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा। अयोध्या एक्ट के सवाल पर कहा कि फैसले के बाद यह सरकार तय करेगी कि 70 एकड़ के बाद अधिग्रहीत जमीन किसको देनी है। सुप्रीम कोर्ट ने यह स्पष्ट किया है कि जब विवाद का निराकरण हो जाएगा तो अधिग्रहीत जमीन का क्या करना है यह केंद्रीय शासन तय करेगा। कहा कि बहुत कुछ कोर्ट पर ही निर्भर होगा।