पूर्वी उत्तर-प्रदेश में आ सकती धूल भरी आंधी
फैजाबाद। इन दिनों सितम ढा रहे मौसम का मिजाज थोड़ा बदलने का संकेत मिला है। मौसम विभाग ने आगामी तीन दिनों में धूल भरी आंधी के साथ मौसम में कुछ नमी के संकेत दिए हैं। हालांकि बरसात की संभावना से विभाग ने इंकार किया है।
पिछले कुछ दिनों से तेज धूप व गर्मी से लोग बेहाल हैं। दिन के साथ-साथ रात के तापमान में इजाफा होने से लोगों का जीवन कष्टदायी हो रहा है। शुक्रवार को भी लोग चटख धूप व गर्म हवा के झोंकों से हलकान रहे। दिन के तापमान में एक डिग्री उछाल दर्ज किया गया। अब मौसम विभाग ने शनिवार से मौसम में बदलाव के संकेत दिए हैं। नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्रा ने बताया कि शनिवार से 23 मई तक पूर्व उत्तर प्रदेश के समस्त जिले में कहीं-कहीं आंशिक बादल छाए रहने के साथ कहीं-कहीं धूल भरी आंधी आने की संभावना है। आसमान में बादल तो रहेंगे लेकिन बरसात की उम्मीद नहीं है।