गैर मान्यता प्राप्त 20 स्कूलों में जड़ा ताला
फैजाबाद। गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों के खिलाफ बुधवार को जिले भर में 20 स्कूलों को जांच के बाद बंद करा दिया गया। यहां नामांकित बच्चों को निकटतम परिषदीय स्कूलों में दाखिला कराने की अपील की गई है। सप्ताह भर करीब 70 स्कूलों पर कार्रवाई हो चुकी है। जबकि बिना मान्यता के चिह्नित स्कूलों की संख्या करीब 409 है। प्रशासन की कार्रवाई के बाद कई ने मान्यता स्वीकृत के लिए भी कवायद शुरू कर दी है।
नगर मजिस्ट्रेट सीएल मिश्र ने नगर शिक्षा अधिकारी संजय गुप्ता और एवीआरसी शशिधर द्विवेदी के साथ नगर क्षेत्र के घोसियाना में स्थित रेयान एकेडमी का निरीक्षण किया। कक्षा आठ तक चल रहे इस स्कूल में बच्चे निरीक्षण के समय नहीं मिले। लेकिन जांच में उक्त विद्यालय 16 वर्षों से बिना मान्यता के संचालित पाया गया। इस पर अधिकारियों ने तत्काल विद्यालय को सील कर दिया। नगर शिक्षा अधिकारी संजय गुप्ता ने बताया कि यदि फिर विद्यालय खोला गया तो प्रबंधक के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं पूराबाजार के छह विद्यालयों पर छापेमारी कर खंड शिक्षा अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने ताला जड़ दिया। उन्होंने बताया कि बुधवार को नायब तहसीलदार गोसाईगंज दयाशंकर त्रिपाठी व पुलिस बल के साथ सेंट जोसेफ स्कूल खुशहालगंज, डीएनजीपीएस पब्लिक स्कूल, सुरेंद्र प्रताप सिंह जय बजरंग सिंह शिक्षा मंदिर सरायरासी, श्रीराम शिक्षण संस्थान मड़ना, मदरसा अरबिया वारुसुल करीन खुशहालगंज, मदरसा नुरुल उलूम दर्शननगर की जांच की गई। जांच में सभी स्कूल बिना मान्यता के मिले। इस पर सभी बंद करा दिए गए हैं। स्कूल प्रबंधन को भविष्य में स्कूल संचालित न करने की हिदायत दी गई है। यदि ऐसा हुआ तो संबंधित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
रामपुरभगन प्रतिनिधि के अनुसार रामपुरभगन में खंड शिक्षाधिकारी बीकापुर रामतीर्थ वर्मा ने पुलिस बल के साथ निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सात विद्यालयों को मौके पर बंद कराया तथा दोबारा खोलने पर एफ आईआर दर्ज कराने की चेतावनी दी। जांच की भनक लगते ही दो विद्यालय के संचालक बच्चों को छुट्टी देकर विद्यालय बंद कर खिसक लिए। खंड शिक्षा अधिकारी रामतीर्थ वर्मा ने बताया कि मितनपुर में पुष्पा देवी स्मृति संस्थान, सरदार बल्लभ भाई पटेल, बाबा भगनराय की मान्यता न होने के कारण बंद करा दिया गया है। उन्होंने बताया कि हमारे पहुंचने से पहले ही संतराम स्कूल एवम विकास स्कूल को भनक लग गयी और दोनों अपना स्कूल बंद कर फरार हो गए। इन दोनों स्कूलों पर नोटिस चस्पा कर दिया गया है। सोहावल प्रतिनिधि के अनुसार बुधवार को नायब तहसीलदार रौनाही गजानंद द्विवेदी, खंड शिक्षा अधिकारी सोहावल सियाराम वर्मा, लेखाकार रजनीश कुमार व सब इंस्पेक्टर मो. आमीन की टीम ने सोहावल ब्लॉक के छह शिक्षण संस्थानों में मान्यता संबंधी दस्तावेजों की पड़ताल की। जांच में बिना मान्यता अमान्य पाये गए विद्यालयों में मोहरकली प्राथमिक विद्यालय गोकुला, सर्व कल्याण एकेडमी पिलखावां, परमा देवी प्राथमिक विद्यालय सीवार, सरस्वती शिशु मंदिर सीवार, सीडीएससरायनामू, आरएस पब्लिक स्कूल देवराकोट को नोटिस देकर तत्काल बंद करा दिया गया है। खंड शिक्षा अधिकारी सियाराम वर्मा ने बताया ब्लॉक क्षेत्र में अब तक 21 शिक्षण संस्थान घेरे में आये हैं। इन्हें अमान्य मानते हुये बंद कराया गया है।