चौक से रीडगंज तक हटाए अवैध कब्जे
- भीड़ को हटाने के लिए पुलिस ने चलाई लाठी
फैजाबाद। शहर के मुख्य इलाके चौक में शुक्रवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान टीम ने साइन बोर्ड, नालियों पर रखे सीमेंट के पटरों को ध्वस्त कर दिया। वहीं, मौके पर जमा भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को लाठी चलानी पड़ी।
प्रशासन की टीम ने शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे चौक से रीडगंज रास्ते पर उत्तरी पटरी पर अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया। इस दौरान चौक एकदरा व घंटाघर के आसपास सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण को ध्वस्त किया गया। जमुनियाबाग के पास एतिहासिक एकदरे में बनाई गई हेयर सैलून व फोटो स्टेट की दुकान मालिक को सिटी मजिस्ट्रेट छोटेलाल मिश्र ने अतिक्रमण हटाने के लिए दो दिन का समय दिया।
कोतवाली के सामने किए गए अवैध कब्जों को गिराया गया। रीडगंज चौराहे पर एक व्यवसायिक कॉप्लैक्स के मालिक द्वारा किए गए अतिक्रमण पर नाराज सिटी मजिस्ट्रेट व एडीएम प्रशासन ने उसे लताड़ लगाते हुए अतिक्रमण हटाने के लिए तीन दिन का समय दिया। इस दौरान नगर आयुक्त एमपी सिंह, एडीएम प्रशासन विंध्यवासिनी राय, एसपी सिटी अनिल सिंह प्रशिक्षु आईपीएस अमित कुमार, सीओ सिटी विक्रांत वीर मौजूद रहे।