फैजाबाद। बस्ती जिले में तैनात एसडीएम राजनारायण त्रिपाठी मार्ग दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा रायबरेली रोड पर रविवार शाम को हुआ। एसडीएम को सिर में चोट लगी है। चालक उन्हें लेकर जिला अस्पताल गया, वहां से वे निजी अस्पताल में दिखाने के बाद लखनऊ रेफर हो गए।
बस्ती जिले के कलेक्ट्रेट में तैनात एसडीएम राजनारायण त्रिपाठी रविवार को सुल्तानपुर जिले के बल्दीराय में बहन के घर कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। फैजाबाद-रायबरेली रोड पर बाइक सवार एक किशोर के आ जाने से उसे बचाने में चालक ने तेज ब्रेक लगाया, जिससे उन्हें तेज झटका लगा।
मिल्कीपुर के तहसीलदार विनोद सिंह ने बताया कि रायबरेली रोड पर हादसा हुआ, इसके बाद चालक उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचा, जहां से वे लखनऊ रेफर हो गए। उधर, इनायतनगर व कुमारगंज पुलिस का कहना था कि रोड पर चेकिंग कराई गई, मगर हादसा कहां हुआ, पता नहीं चल पाया।
जिला अस्पताल के इमरजेंसी में तैनात स्टाफ का कहना था कि यहां से निजी अस्पताल देवा में दिखाने गए, लेकिन देवा के बाद वे शहर के नियावां स्थित न्यूरो विशेषज्ञ डॉ. अरविंद मिश्रा के पास गए। यहां से बताया कि एसडीएम नजरबाग स्थित राजराजेश्वरी अस्पताल गए हैं।
राजराजेश्वरी अस्पताल के डॉ. दिलीप झा ने बताया कि एसडीएम राजनारायण त्रिपाठी शाम 5:30 बजे भर्ती हुए। उनका सिटी स्कैन कराया गया, जिसमें सिर पर चोट खतरनाक नहीं थी। हाथ-पैर में सामान्य चोट थी, मगर दाहिने घुटने के नीचे फैक्चर था। नाक से खून बह रहा था। यहां से एसडीएम लखनऊ चले गए हैं।