अयोध्या में विदेशी कलाकार करेंगे रामलीला मंचन
-15 सितंबर को इंडोनेशिया की लीला मंडली करेगी मंचन
अमर उजाला ब्यूरो
अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में आगामी सितंबर माह में विदेशी कलाकारों द्वारा रामलीला मंचन होने जा रहा है। इंडोनेशिया की रामलीला मंडली आगामी 14 सितंबर को अयोध्या आ रही है जो अयोध्या शोध संस्थान में रामलीला मंचन करेगी। संस्थान के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इंडोनेशिया देश की रामलीला मंडली 13 सितंबर को लखनऊ एवं 15 सितंबर को अयोध्या शोध संस्थान में रामलीला का मंचन करेगी।
संस्थान के व्यवस्थापक रामतीरथ ने बताया कि अयोध्या शोध संस्थान के तत्वाधान में इंडोनेशिया की रामलीला मंडली लखनऊ व अयोध्या में रामलीला मंचन करने जा रही है। उन्होंने बताया कि अयोध्या शोध संस्थान की ओर से अब तक आधा दर्जन विदेशी राज्यों में रामलीला का मंचन किया जा चुका है तो वहीं कई विदेशी रामलीला मंडलियों ने अयोध्या में भी लीला मंचन किया है। उन्होंने बताया कि अयोध्या शोध संस्थान द्वारा अब तक फिजी, त्रिनिडाड, टोबैगो, न्यूजीलैंड, श्रीलंका, इंडोनेशिया, थाइलैंड में राम की लीला का मंचन किया जा चुका है।