मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर तैयारियां पूर्ण
अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दूसरे अयोध्या दौरे की तैयारियां पूर्ण कर ली गयी है। मुख्यमंत्री बुधवार को अयोध्या पहुंच रहे हैं। वे राममंदिर आंदोलन के पुरोधा रामचंद्र दास परमहंस की 14वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे तथा दिगंबर अखाड़ा में होने श्रद्धांजलि सभा में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे।
इसके लिए दिगंबर अखाड़ा में विशालकाय मंच एवं वाटर प्रूफ पंडाल बनाया गया है। गर्मी के मद्देनजर कूलर की भी व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों के कार्यक्रम स्थल में प्रवेश करने, बैठने और निकलने के अलग-अलग रास्ते होंगे। मंच पर बैठने वाले शीर्ष संतों की सूची दिगंबर अखाड़ा के महंत सुरेश दास द्वारा प्रशासन को दी जा चुकी है।
सीएम को परोसी जाएगी नेनुआ-तोरोई की सब्जी
महंत सुरेश दास ने बताया कि अयोध्या के लगभग 250 संत-महंतों को भंडारे के लिए निमंत्रित किया गया है, वहीं बड़ी संख्या में अखाड़े से जुड़े विभिन्न प्रांतों से शिष्यगण भी आश्रम पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि भोजन में मुख्यमंत्री योगी के पसंद के अनुरूप नेनुआ, तोरेई की सब्जी व दाल-चावल तथा खीर बनाई जा रही है जबकि अन्य के लिए पूड़ी, सब्जी, दाल, चावल व खीर का प्रसाद होगा।
अयोध्या का एक रूट वीआईपी के लिए होगी आरक्षित
मंगलवार को नगर विधायक वेद गुप्ता, डीएम संतोष राय, एसएसपी सुभाष सिंह बघेल सहित अन्य अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और तैयारियों की समीक्षा की। वहीं सावन मेले को लेकर उमड़ी भारी श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच से मुख्यमंत्री को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाना प्रशासन के लिए चुनौती है।
जिसको लेकर अयोध्या में दो रूट बनाए जा रहे हैं, एक रूट वीआईपी होगा तो दूसरा रूट श्रद्धालुओं के लिए आरक्षित होगा ताकि सावन मेले में आए श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की दिक्कत न हो।