गैरहाजिर मिले सात शिक्षकों के वेतन कटे, जवाब तलब
मवई (फैजाबाद)। दो दिनों में परिषदीय विद्यालयों के सात शिक्षकों के गैरहाजिर मिलने पर उनका वेतन काटने की कार्रवाई की गई है। कई प्रधानाध्यापकों से खस्ताहाल मिली पढ़ाई पर जवाब तलब किया गया है।
मवई के खंड शिक्षाधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने शुक्रवार को शिक्षा क्षेत्र के महज पांच विद्यालयों का जायजा लिया। प्राथमिक विद्यालय पूरे डलई मऊ में प्रधानाध्यापक गिरीश और सहायक अध्यापक हिलाल सईद गैर हाजिर रहे। स्कूल में केवल 6 बच्चे मौजूद मिले।
पूछताछ के दौरान छात्रों की शैक्षिक गुणवत्ता भी ठीक नही रही । जिस पर बीईओ ने स्पष्टीकरण तलब किया है । इसके अलावा प्राथमिक स्कूल सैदपुर में शिक्षक अमित और पूनम गैरहाजिर रहे । माध्यमिक विद्यालय नौरोजपुर बघेड़ी में तो एक भी छात्र नही मिला।
यहां के प्रधानाध्यापक आनंद कुमार शर्मा से जवाब तलब किया गया है। गैरहाजिर मिले सहायक अध्यापक कमलेश कुमार व अनुदेशक शिवसागर का एक दिन का वेतन नो वर्क नो पे के आधार पर काटने की संस्तुति की गई। पूर्व माध्यमिक विद्यालय बसौढ़ी में प्रधानाध्यापक देर से पहुंचे।
यहां गैरहाजिर मिले सहायक अध्यापक अनवर जमाल का एक दिन का वेतन काटने की संस्तुति की गई। यहां डेढ़ सौ बच्चों के सापेक्ष महज आठ बच्चे हाजिर मिले। प्राथमिक विद्यालय मोहम्मदपुर दाऊदपुर में 81 के सापेक्ष केवल दो बच्चे मिले।
यहां की गैरहाजिर सहायक अध्यापक गुल जेहरा का एक दिन का वेतन काटने व प्रधानाध्यापक विजय प्रकाश यादव को प्रतिकूल प्रविष्टि देने की सिफारिश हुई है। प्राथमिक विद्यालय धधवारा में 82 के सापेक्ष 13 बच्चे मिले।
प्राथमिक विद्यालय नौरोजपुर में प्रधानाध्यापक शैलेंद्र कुमार त्रिपाठी व सहायक अध्यापक राम सिंह गैरहाजिर मिले। दोनों का एक दिन का वेतन काटने की संस्तुति हुई है। यहां 83 के सापेक्ष छह बच्चे मौजूद मिले। विद्यालय की फर्श टूटी व परिसर भी गंदा मिला।
प्राथमिक विद्यालय नौरोजपुर बघेड़ी के प्रधानाध्यापक प्रदीप कुमार गुप्ता बगैर सूचना आकस्मिक अवकाश पर थे प्र्राथमिक विद्यालय भटमऊ नारायनपुर में 95 के सापेक्ष मात्र 10 बच्चे मौजूद मिले। प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण मांगा है।
पूर्व माध्यमिक विद्यालय नारायनपुर में 51 के सापेक्ष सिर्फ दो बच्चे मिले। प्राथमिक विद्यालय पूरे शिवा में 53 के सापेक्ष 15 छात्र हाजिर मिले। बीईओ कार्यालय से यह सभी विद्यालय महज तीन किलोमीटर की परिधि में है ।
10 जुलाई से खुलेगा साकेत महाविद्यालय
फैजाबाद । कासु साकेत स्नातकोत्तर महाविद्यालय ग्रीष्मावकाश के बाद अब 10 जुलाई से खुलेगा कुलपतियों के सम्मेलन में कुलाधिपति एवं उच्च शिक्षा मंत्री ने विश्वविद्यालयों के शिक्षण सत्र में सुधार हेतु निर्देश दिये हैं। प्रबंध समिति ने महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों एवं विभागीय कर्मचारियों से अपेक्षा जताई है कि शासन के निर्देशानुसार वे 10 जुलाई को महाविद्यालय में उपस्थित हों।