राम की पैड़ी पर सौंदर्यीकरण का कार्य धीमा
एडीएम ने लिखा पत्र, कहा- सावन झूला मेले के मद्देनजर समय से पूरे कराएं कार्य
अमर उजाला ब्यूरो
फैजाबाद। अयोध्या की राम की पैड़ी पर सिंचाई विभाग से कराए जा रहे सौंदर्यीकरण का कार्य धीमा है। एडीएम सिटी ने सिंचाई विभाग के अधिशाषी अभियंता को पत्र लिखकर कार्य में तेजी लाए जाने के लिए कहा है।
अयोध्या के राम की पैड़ी पर सौंदर्यीकरण का काम पिछले लगभग पांच माह से कराया जा रहा है लेकिन इस कार्य की प्रगति काफी धीमी है। डीएम ने भी इस पर असंतोष जताया है। खास बात यह है कि सावन माह की शुरूआत 10 जुलाई से हो रही है। सावन में कांवड़ियों की भीड़ उमड़ती है। राम की पैड़ी क्षेत्र में ही नागेश्वर नाथ मंदिर होने के कारण पैड़ी पर लोगों का जमावड़ा कुछ ज्यादा ही होता है। पिछले साल इसी स्थल पर खासी अव्यवस्था से जूझना पड़ा था। विभाग से कराए जा रहे कार्य इससे पूर्व होने की संभावना कम है। एडीएम सिटी व मेलाधिकारी विंध्यवासिनी राय ने सिंचाई विभाग के अधिशाषी अभियंता को पत्र लिखा है। पत्र में कहा गया है कि राम की पैड़ी के दोनों ओर रेलिंग, फव्वारे, टूटे हुए पत्थरों, प्रकाश व्यवस्था, सीवर लाइन के ढक्कन, पेंटिंग, सिल्ट सफाई आदि के कार्य समय से पूरे कराए जाएं। एडीएम श्री राय ने बताया कि राम की पैड़ी के साथ ही अन्य कार्यों को प्राथमिकता के आधार कराने के लिए कहा गया है। सावन में दिक्कत न होने पाए।