अयोध्या। माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा के लिए बनाए गए परीक्षा केंद्रों की पहली सूची में से 12 केंद्र विभिन्न खामियों की वजह से निरस्त कर दिए गए हैं। जबकि इनके स्थान पर नए इतने ही केंद्र शामिल किए गए हैं। तहसीलों के एसडीएम की रिपोर्ट पर हुए फेरबदल के बाद 124 परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची बोर्ड की ओर से जारी की गई है।
हाईस्कूल व इंटर मीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी की जा रही है। जिले में इस बार कुल 83 हजार 334 छात्र-छात्राएं यूपी बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। इनमें हाईस्कूल के 45,525 व इंटर के 37,809 परीक्षार्थी शामिल हैं।
इस बार भी नकलविहीन शुचितापूर्ण परीक्षा कराने के लिए सरकार ने और कई फेरबदल किए हैं। परीक्षा केंद्र बनने के लिए इस बार दोनों ओर से सीसीटीवी कैमरे के साथ ही वायस रिकार्डर, हाईस्पीड इंटरनेट सेवाएं, राउटर की अनिवार्यता का नियम बनाया गया है।
इसके अलावा बेहतर पहुंच मार्ग, फर्नीचर, पेयजल, शौचालय, चहारदीवारी सहित कई अन्य मानक बनाए गए थे। बीते 12 नवंबर को ऑनलाइन केंद्र निर्धारण के उपरांत जारी हुई प्रथम सूची में जिले के 124 स्कूलों को केंद्र बनाया गया था। सूची जारी होने के बाद करीब दो सौ स्कूलों की ओर से आपत्तियां दर्ज कराई गई थीं।
तदुपरांत जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई परीक्षा समिति की बैठक के उपरांत सभी उपजिलाधिकारियों को परीक्षा केंद्रों का भौतिक सत्यापन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया था। उप जिलाधिकारियों की रिपोर्ट के आधार पर जारी सूची में से 12 केंद्र निरस्त किए गए हैं। जबकि इनके स्थान पर 12 नए केंद्र शामिल किए गए हैं। बीते दिनों परीक्षा समिति की बैठक में हुई संस्तुति के उपरांत अंतिम सूची बोर्ड ने जारी किया है।
डीआईओएस राज बहादुर सिंह चौहान ने बताया कि परीक्षा केंद्र बने कुछ विद्यालय मानक विहीन थे। इसके अलावा भी कई अन्य खामियां थी। जिन्हें भौतिक सत्यापन के उपरांत निरस्त करते हुए नए केंद्रों को शामिल किया गया है। बोर्ड की ओर से अंतिम सूची जारी की गई है।