देश को आजाद कराने में समाज के अंतिम व्यक्ति का योगदान महत्वपूर्ण : शास्त्री
अयोध्या। अंग्रेजों की गुलामी में जकड़े भारत देश को आजाद कराने में समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्तियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मेहनत का परिणाम है कि आज भारत विश्व की महा शक्तियों में जाना जाता है।
भारत विश्व गुरु तभी बन पाएगा जब हम सब मिलकर काम करेंगे। यह बातें समाज कल्याण मंत्री रमापति शास्त्री ने मिल्कीपुर विधायक गोरखनाथ बाबा द्वारा विधानसभा क्षेत्र में चलाई गई मोदी योगी विकास रथ यात्रा की समापन सभा को संबोधित करते हुए कही।
कहा कि जब तक समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति का उत्थान नहीं होता तब तक विकास अधूरा होता है। समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के विकास की परिकल्पना केवल भारतीय जनता पार्टी ने की है।
उन्होंने मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र के पांच ग्राम पंचायतों को समाज कल्याण विभाग की ओर से चलाई गई सरकार की महत्वाकांक्षी एकीकृत विकास योजना के तहत चयनित कर उन्हें विकास से सुसज्जित और संवारने का भी एलान किया।
भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री हर्षवर्धन सिंह ने कहा कि भाजपा में वंशवाद और जातिवाद का नाम कहीं दूर-दूर तक नहीं है। यदि ऐसा होता तो देश का प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति एक आम आदमी न हो पाता।
मिल्कीपुर के इनायत नगर बाजार में आयोजित समापन सभा की अध्यक्षता सांसद प्रतिनिधि जनार्दन मौर्य ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में बीकापुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक शोभा सिंह मौजूद रहीं।
अतिथियों को विधायक गोरखनाथ बाबा ने अंग वस्त्र स्मृति चिह्न और पौधा भेंट किया। कार्यक्रम के अंत में व्यापारी नेता अरुण गुप्ता के नेतृत्व में इनायत नगर बाजार वासियों द्वारा इनायतनगर को नगर पंचायत घोषित कराए जाने हेतु एक ज्ञापन भी सौंपा गया। इस मौके पर महेश ओझा, चंद्रबली सिंह, देवेंद्र त्रिपाठी, विवेक पांडे, शिक्षक नेता मुकेश प्रताप सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।