आजमगढ़ के कृषि महाविद्यालय में होगी पढ़ाई
फैजाबाद। नरेंद्रदेव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जेएस संधू ने अपने संकल्प को पूरा करने में एक और उपलब्धि हासिल कर ली है। कुलपति ने विश्वविद्यालय के कृषि महाविद्यालय आजमगढ़ कैंपस में सत्र 2018-19 में शिक्षण कार्य प्रारंभ करा दिया है। सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए मंगलवार को आजमगढ़ परिसर के लिए प्रवेश पाए व मुख्य परिसर में अध्ययनरत द्वितीय वर्ष के छात्रों के दल को शुभकामनाओं के साथ आजमगढ़ के लिए रवाना किया।
कुलपति ने बताया कि इस वर्ष वहां के लिए प्रवेश पाए विद्यार्थियों को आजमगढ़ में ही रिपोर्टिंग करने के निर्देश पहले ही दे दिए गए थे। विद्यार्थियों को आजमगढ़ के लिए विदा करते समय अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. आर के जोशी व एसोसिएट आजमगढ़ कैंपस डॉ. आरके दोहरे विशेष रूप से उपस्थित रहे। आजमगढ़ परिसर में शिक्षण कार्य के लिए शासन से स्वीकृत पदों पर भर्ती प्रक्रिया अब तक पूरी हो जानी थी परंतु शासकीय गतिरोध में प्रक्रिया लम्बित रह जाने के बाद अब शिक्षण के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्था बनाई है। अब मुख्य परिसर व केंद्रों से विभिन्न विषयों के शिक्षक साप्ताहिक कैलेंडर के आधार पर शिक्षण कार्य के लिए आजमगढ़ परिसर भेजे जाते रहेंगे। कुलपति के इस निर्णय से मुख्य परिसर के छात्रावासों व कक्षाओं पर अनावश्यक दबाव कम हो जाएगा। आजमगढ़ परिसर में शिक्षण सत्र का शुभारंभ प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही 3 अगस्त को करेंगे।