समाज को बदलने वाले दंपती होंगे सम्मानित
फैजाबाद। परिवार नियोजन और जनसंख्या नियंत्रण कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए अब प्रेरणा परियोजना की शुरुआत हुई है। इसके तहत उन दंपत्तियों को चिह्नित कर पुरस्कृत किया जाएगा, जिन्होंने पुरानी मानसिकता को तोड़ते हुए समाज को बदलने में योगदान दिया है।
समाज में आज भी कम उम्र में विवाह, विवाह के तुरंत बाद बच्चे का जन्म और बच्चों के जन्म के बीच अंतराल का न होना आदि भ्रांतियां व्याप्त हैं। इसके लिए राज्य परिवार नियोजन सेवा अभिनवीकरण परियोजना एजेंसी (सिफ्सा) को जनसंख्या स्थिरता कोष की समस्त परियोजनाओं को क्रियान्वित करने के लिए राज्य नोडल एजेंसी नामित किया गया है। अधिशासी निदेशक सिफ्सा मिशन/ निदेशक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन पंकज कुमार ने मंगलवार को अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को इस संबंध में पत्र जारी किया है। प्रेरणा परियोजना का लाभ पाने वालों के लिए दंपती गरीबी रेखा के नीचे जीवनयापन करने वाले व अनुसूचित जाति-अनुसूचित जनजाति के हों। महिला का विवाह वर्ष 2011 से पूर्व नहीं होना चाहिए। महिला का विवाह 19 वर्ष या उसके उपरांत ही हुआ हो। पहले बच्चे का जन्म विवाह के दो वर्ष बाद हुआ हो। दूसरे बच्चे का जन्म पहले बच्चे के जन्म के तीन साल बाद हो और दूसरे बच्चे के जन्म के बाद अथवा एक साल के बीच दंपती द्वारा परिवार नियोजन की स्थायी विधि को अपना लिया गया हो। छह में से चार अर्हता पूरा करने वाले दंपत्तियों के पुरस्कार की राशि 10 हजार से 19 हजार तक अलग-अलग निर्धारित की गयी है।
चयन के लिए दिए निर्देश
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सीबी द्विवेदी ने बताया कि जिले के सभी ब्लॉकों को लाभार्थियों के चयन हेतु निर्देश जारी कर दिये गए हैं। ब्लॉकों से सूचना प्राप्त होने के बाद सत्यापन कराते हुये शासन को सूचना उपलब्ध करायी जाएगी।