बीकापुर। एसडीएम ने बुधवार सुबह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीकापुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान प्रभारी अधीक्षक डॉक्टर सतीश चंद्रा समेत करीब नौ कर्मी अस्पताल से गैरहाजिर मिले। मेंटर नर्स ज्योति तिवारी के हस्ताक्षर एडवांस में 28 दिसंबर तक उपस्थित पंजिका में दर्ज पाए गए।
बुधवार सुबह करीब 11 बजे अस्पताल में चिकित्सकों के न होने की सूचना मिलने पर एसडीएम मिल्कीपुर रवि प्रकाश श्रीवास्तव व नायब तहसीलदार शशिकांत त्रिपाठी ने औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान प्रभारी अधीक्षक समेत दीपक सिंह, फार्मासिस्ट अनुराग मिश्रा उपस्थित नहीं मिले, पर उपस्थित पंजिका पर उनके हस्ताक्षर थे। एक्सरे टेक्नीशियन अशोक कुमार, वार्ड बॉय अशोक कुमार सिंह, वाहन चालक मोहम्मद लईक, स्वास्थ्य कर्मी सुधीर कुमार, नर्स कुमारी समता भी अनुपस्थित पाई गई।
मात्र एक होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. जितेंद्र वर्मा, महिला संविदा चिकित्सक अंजलि गुप्ता मरीजों को देख रहे थे। मौके पर दवा के लिए आए पातुपुर निवासी राहुल सिंह, सकटपुर निवासी अरुण कुमार, तेंदुआ माफी के पप्पू गुप्ता सहित कई मरीज घंटों से बैठे थे।
एसडीएम ने उपस्थित रजिस्टर, ओपीडी प्रसूता भर्ती वार्ड, लेबर रूम, एक्सरे रूम आदि का निरीक्षण किया और रिपोर्ट जिलाधिकारी व मुख्य चिकित्सा अधिकारी को भेजने की बात कही।
नायब तहसीलदार शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी व मुख्य चिकित्सा अधिकारी को भेजी गई है। सीएमओ अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि रिपोर्ट मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।