अयोध्या। अयोध्या-फैजाबाद समझौता नागरिक समिति ने अयोध्या में मंदिर व मस्जिद दोनों बनाने की बात की है। समिति के अध्यक्ष महंत जन्मेजय शरण ने कहा कि हम अयोध्या में भाईचारे व मोहब्बत से राम मंदिर बनाएंगे।
जस्टिस पलोक बसु के संरक्षण में जो फार्मूला तैयार करके सुप्रीम कोर्ट भेजा है, उसके आधार पर ही मामला हल होना चाहिए।
महंत जन्मेजय शरण गुरुवार को पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट में प्रस्ताव भेजा गया है, जिसके तहत विवादित स्थान पर राम मंदिर रहेगा और कुछ दूरी पर एक मस्जिद स्थापित की जाएगी।
अमन व शांति के लिए अयोध्या में मंदिर और मस्जिद की स्थापना आवश्यक है। इसके लिए 10 हजार 502 पत्रक हिन्दू मुसलमान लोगों के हस्ताक्षर कराके कमिश्नर फैजाबाद के माध्यम से सुप्रीम कोर्ट में पेश किया जा चुका है। पत्रकार वार्ता के दौरान सादिक अली बाबू टेलर, नागा रामलखन दास, मंजर मेंहदी आदि मौजूद रहे।