नौ अगस्त को जिला मुख्यालय पर होगा शुभारंभ
फैजाबाद। खुले में शौच से आजादी सप्ताह को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गईं हैं। इसके लिए जिला मुख्यालय से ब्लॉकों तक कार्यक्रम आयोजित करने को जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। स्कूलों में कार्यक्रम को लेकर खासतौर पर फोकस है। इसके जरिए स्वच्छ भारत मिशन की रफ्तार बढ़ाने की कोशिश है।
खुले में शौच से आजादी सप्ताह को प्रभावी बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों को शामिल किया जाएगा। प्रशासन की रणनीति के मुताबिक इस अभियान को आम लोगों के साथ ही स्कूल-कॉलेजों में खासतौर से प्रभावी बनाने पर जोर दिया जाएगा।
ब्लॉकों से गांवों तक खुले में शौच के खिलाफ कार्यक्रमों के जरिए जागरूकता को कोशिश होगी। इसके साथ ही प्रचार-प्रसार पर खासा जोर है। जिले से लेकर ब्लॉकों तक होर्डिंग्स, पोस्टर, बैनर लगाकर लोगों का ध्यान स्वच्छ भारत मिशन की ओर से खींचा जाएगा।
सिनेमाघरों में स्लाइड शो के साथ विद्यालयों में वाद-विवाद और निबंध प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक के आयोजन की रूपरेखा तय की जा रही है। स्वच्छता पर फोकस करते हुए कॉलेजों में खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसके लिए डीआईओएस, बीएसए आदि अफसरों को निर्देश दिया गया है।
डीपीआरओ सभाजीत पांडेय ने बताया कि, नौ से 15 अगस्त तक चलने वाले खुले में शौच से आजादी सप्ताह के जरिए लोगों में जागरूकता के साथ ही इससे होने वाले लाभ के बारे में जानकारी मिलेगी। कार्यक्रम के आयोजन के बाद प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम से स्वच्छ भारत मिशन को लाभ मिलेगा।