मतदान के प्रति जागरूकता को दिव्यांगों ने निकाली रैली
अयोध्या। कमिश्नर मनोज मिश्र ने कहा कि सभी संगठन देश एवं लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए मतदाता जागरूकता अभियान चलाएं, लोगों को प्रेरित करें। तभी मतदान का प्रतिशत बढ़ेगा और एक स्वच्छ एवं मजबूत सरकार का गठन हो सकेगा।
वह दिव्यांगों से आयोजित मतदाता जागरूकता रैली को संबोधित कर रहे थे। इसके पूर्व कमिश्नर और डीएम ने सभी दिव्यांगों को माला पहनाकर व पुष्प देकर सम्मान किया। कमिश्नर ने हरी झंडी दिखाकर चौक से रैली को रवाना किया।
इस मौके पर कमिश्नर मनोज मिश्र ने कहा कि ये अच्छी बात है कि मतदाता जागरूकता अभियान के प्रारंभ में ही आए दिव्यांग बंधुओं ने उत्साह दिखाया। यह निश्चित रूप से अन्य लोगों व संगठनों के लिए प्रेरणा बनेगा।
डीएम अनुज कुमार झा ने कहा कि जब भी भारत में चुनाव होते है कई देशों के प्रतिनिधि पूरी चुनाव प्रक्रिया का अध्ययन करते है और उसे अपने देश में लागू कराते है। भारत की चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह से साफ एवं पारदर्शी है।
कहा कि हर मतदाता के सहयोग के लिए स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की जा रही है। दिव्यांग बंधु अपने साधन से मतदाता बूथ पर जाकर वोट डाल सकते हैं। उन्हें लाइन में नहीं लगना होगी। पोलिंग कक्ष तक जाने के लिए हर बूथ पर रैंप बना दिया गया है।
भारतीय विकलांग कल्याण समिति के तत्वाधान में आयोजित रैली दिव्यांग बंधुओं में राकेश सोनकर, कमलेश कुमार, दीपक मौर्य, राकेश जायसवाल, जगराम यादव, राजेश भारती सहित अन्य लोग शामिल थे।