ग्रीन हाफ मैराथन पर विदेशी वॉलंटियर रखेंगे नजर
अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की ओर से 17 फरवरी को आयोजित ग्रीन अयोध्या हाफ मैराथन में विदेशी वॉलंटियरों की सक्रिय भूमिका रहेगी। इसकी तैयारियां विवि प्रशासन की ओर से की जा रही हैं।
विवि की अधिकारिक वेबसाइट पर धावकों के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। खास यह है कि इस बार साइकिल सवार ध्वज लेकर निकलेंगे। विवि की ओर से दो हजार धावकों के दौड़ने का इंतजाम किया जा रहा है।
पिछले वर्ष वॉलंटियर को छोड़कर 739 धावकों ने हिस्सा लिया था। अवध विवि पिछले वर्ष से हाफ मैराथन प्रतियोगिता आयोजित करा रहा है। पिछले वर्ष की 31 हजार, 21 हजार व 11 हजार रुपये पुरस्कार की धनराशि थी।
इस बार स्वच्छता व पर्यावरण की दृष्टि से मैराथन का नाम ग्रीन अयोध्या हाफ मैराथन रखा गया है। विवि ने इस बार मैराथन के प्रतियोगियों के लिए इनाम धनराशि को भी बढ़ाया है।
अब प्रतियोगियों की धनराशि प्रथम, द्वितीय व तृतीय के लिए क्रमश: 51 हजार, 31 हजार व 21 हजार निर्धारित की गई है। इस बार कुछ नए प्रयोग भी किए जा रहे हैं। लखनऊ की पैडल यात्री के नाम से साइकिलिस्ट वॉलंटियर की भूमिका में होंगे।
इसके अलावा एक दर्जन से अधिक विदेशी भी वॉलेंटियर के रूप में ही हाफ मैराथन में भाग लेंगे। इसके लिए विवि प्रशासन की ओर विदेशी वॉलंटियर को बुलावा पत्र भेजा जा चुका है।
इसके साथ ही रूट बदलने पर भी विचार किया जा रहा है। इस बार विवि के मैन कैंपस से पुष्पराज, कैंट, गुदड़ी बाजार, चौक, यशलोक हॉस्पिटल, देवकाली व बाईपास होते हुए विवि के न्यू कैंपस में जाकर मैराथन खत्म होगी।
ग्रीन अयोध्या हाफ मैराथन में इस बार एक छोटी दौड़ प्रतियोगिता कराने पर भी विचार चल रहा है। इसमें छोटे बच्चों के लिए एक से पांच किमी. की दौड़ पर मोहर लग सकती है। यह भी बताया जा रहा है कि अलग-अलग वर्ग के लिए यह दौड़ प्रतियोगिता आयोजित होगी।
अवध विवि क्रीड़ा विभाग के डॉ. मुकेश वर्मा ने बताया कि डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विवि की ओर से 17 फरवरी को ग्रीन अयोध्या हाफ मैराथन प्रतियोगिता आयोजित की जानी है। इसकी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया चल रही है। विदेशी व पैडल यात्री वॉलेंटियर की भूमिका में दिखाई देंगे।