कुमारगंज (फैजाबाद)। मिल्कीपुर ब्लॉक क्षेत्र के सिधौना बसापुर गांव में सफाई कर्मचारी के खिलाफ संपूर्ण समाधान दिवस में हुई शिकायत का जिलाधिकारी डॉ. अनिल कुमार ने स्वयं संज्ञान लिया और शिकायतकर्ता के गांव पहुंचकर गांव में स्वयं झाड़ू लगाकर जागरूकता का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने गांव स्थित परिषदीय विद्यालय का भी निरीक्षण किया।
बसापुर गांव में लोगों ने गांव की मुख्य गली के दोनों ओर कचरे का ढेर लगा दिया था और गांव के जिम्मेदार लोगों द्वारा अनदेखी और लापरवाही के चलते यहां स्थिति इतनी गंभीर हो गई थी कि गांव की गलियों से पैदल गुजरना भी दुश्वार था। इसको लेकर बीते मंगलवार को तहसील सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में बसापुर ग्रामवासी वेद प्रकाश चौरसिया ने शिकायती प्रार्थना पत्र देकर सफाई कर्मचारी के लापता होने का आरोप लगाया था।
शिकायत को संज्ञान में लेते हुए जिलाधिकारी ने 8 सितंबर को उक्त गांव में स्वच्छता को लेकर खंड विकास अधिकारी को कार्यक्रम सुनिश्चित करने को कहा था। डीएम के इस आदेश पर खंड विकास अधिकारी मिल्कीपुर के हाथ पांव फूल गए थे और वो ब्लाक क्षेत्र के दर्जनों गांव में तैनात सफाई कर्मचारियों को बुलाकर गांव की कचरे से पटी नालियों और गलियों को चमकाने में जुट गए थे। मात्र चार दिन में ही गांव को चमका दिया गया।
वहीं, शनिवार की सुबह लगभग सात बजे जिलाधिकारी गांव पहुंचे और ब्लॉक व तहसील के अधिकारियों एवं कर्मचारियों व ग्रामीणों के साथ साफ. सफाई की। सफाई के दौरान ग्रामवासी परिक्रमा शर्मा ने जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने पर अपने दरवाजे पर सोख्ता बनवाने की मांग की जिस पर डीएम ने ग्राम प्रधान और खंड विकास अधिकारी को सोख्ता बनवानेे के निर्देश दिए। इस दौरान विधायक गोरखनाथ बाबा, मुख्य विकास अधिकारी अक्षत त्रिपाठी, उप जिला अधिकारी केडी शर्मा, खंड विकास अधिकारी सुनील कुमार कौशल, एडीओ पंचायत विनोद कुमार सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।
विद्यालय का किया निरीक्षण
जिलाधिकारी ने गांव स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय खदरा एवं प्राथमिक विद्यालय बसापुर का निरीक्षण किया। उन्होंने प्राथमिक विद्यालय के बच्चों से गणित का सवाल भी पूछा, जिसका उत्तर बच्चों ने लिख कर दे दिया। इस पर खुशी जताते हुए उन्होंने मौजूद शिक्षकों की पीठ थपथपाई। उन्होंनेे बच्चों को बिस्किट व टॉफी वितरित किया। शिक्षकों की मांग पर जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान एवं खंड विकास अधिकारी को बाउंड्री वाल बनवाने का निर्देश दिया।