फैजाबाद । डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के संत कबीर सभागार में तीन दिनों से चल रहे बारहवें अयोध्या फिल्म फेस्टिवल का शनिवार को समापन हो गया। समारोह के तीसरे दिन चापेकर बंधु ने जहां नाटक का प्रदर्शन किया वहीं मजाज- द अनटोल्ड स्टोरी फीचर फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया।
समारोह में फिल्म निर्माता निर्देशक इकबाल दुर्रानी की अख्तरी बेगम पर फिल्म बनाने की घोषणा से सिने पटल पर फैजाबाद एक बार फिर चमकने को तैयार नजर आया। वहीं संवाद के दौरान अवध बेल्ट में फिल्मों के निर्माण की तमाम संभावनाएं निर्माता, निर्देशक, कलाकारों, लेखकों ने भी तलाशी। दूसरी ओर अवाम के सिनेमा ने क्रांतिकारियों के क्रांति गीतों को फिल्मों के जरिये विश्व पटल तक ले जाने का निर्णय लिया है।
12वें अयोध्या फिल्म फेस्टिवल में इसी कड़ी में अशफाक पर बनने वाली फिल्म का प्रोमो जारी किया गया। आयोजक शाह आलम ने बताया कि क्रांति के नायकों पर बनी फिल्मों की पूरी सीरीज तैयार कर विश्वभर में प्रदर्शन की तैयारी है।