फैजाबाद। मांगों को लेकर आंदोलित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का आंदोलन बुधवार को उग्र हो गया। धरना-प्रदर्शन के साथ मसौधा में दो सुपरवाइजरों समेत सीडीपीओ को बंधक बना लिया।
परियोजना कार्यालय में ताला जड़कर प्रदर्शन किया गया। बीकापुर में बुद्धि शुद्धि यज्ञ करने के बाद फैजाबाद-इलाहाबाद हाईवे जाम कर दिया।
शहर के साथ ही अन्य परियोजना कार्यालयों पर भी कार्यकर्ताओं ने केंद्रों पर ताला डालकर धरना-प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं का कहना है कि जब तक सरकार उनकी मांगें नहीं मानती, आंदोलन समाप्त नहीं होगा।
कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का आंदोलन पूरे जिले में जारी रहा। मसौधा प्रतिनिधि के मुताबिक सैकड़ों की तादात में ब्लॉक मुख्यालय पर स्थित परियोजना कार्यालय पहुंची आंगनबाड़ी कार्यकताओं ने सीडीपीओ दफ्तर में ताला जड़ दिया।
केंद्र व प्रदेश सरकार विरोधी नारे लगाने के दौरान कार्यालय पहुचीं सीडीपीओ नीलम गुप्ता, सुपरवाइजर शीला वर्मा और रेनू श्रीवास्तव को ऑफिस में बंद ताले को खुलवाने की कोशिश पर बंधक बना लिया।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान खुद पीएम नरेंद्र मोदी ने जन सभाओं में वादा किया था कि दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने के बाद 15-20 सालों से काम कर रही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को राज्य कर्मचारी जैसा सम्मानजनक दर्जा दिया जाएगा।
प्रदर्शन में ब्लॉक अध्यक्ष जगधात्री पांडेय, नीरजा यादव, मालती वर्मा आदि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद थी। परियोजना कार्यालय पहुंची सीडीपीओ नीलम गुप्ता का कहना था कि महिलाओं ने कार्यालय में ताला बंद कर दिया था। वह घेरकर वार्ता कर रही थी। उन्होंने अपने आप को बंधक बनाने से इन्कार किया है।
सरकार की बुद्धि शुद्धि के लिए किया यज्ञ
बीकापुर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का धरना तेज हो गया। कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने परियोजना कार्यालय परिसर में सरकार की बुद्धि शुद्धि के लिए यज्ञ हवन किया।
इसके बाद फैजाबाद-इलाहाबाद हाईवे को जाम कर दिया। सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। लगभग 40 मिनट तक हाईवे पर आंदोलन रहा। इस दौरान सड़क के दोनों तरफ लगभग एक किलोमीटर तक गाड़ियों की लाइन लग गई, लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस व तहसीलदार विनय कुमार गुप्ता ने समझा बुझाकर जाम खुलवाया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने तहसीलदार को मांग पत्र भी सौंपा।
शहर के परियोजना कार्यालय पर भी कार्यकर्ताओं की धरना-प्रदर्शन और आंदोलन जारी रहा। मवई में बाल विकास परियोजना कार्यालय रानीमऊ पर पर सभी एकत्र हुईं। यहां राज्य व केंद्र सरकार विरोधी नारे लगाए।