लाभार्थियों को दी गई प्रथम किस्त की रिकवरी को नोटिस जारी
मवई (फैजाबाद)। मवई ब्लॉक के ग्राम भवानीपुर में प्रधान और पंचायत सचिव की मिलीभगत से प्रधानमंत्री आवास योजना में अपात्रों को रेवड़ी की तरह आवास दिए जाने का खुलासा हुआ है। गांव के ही एक युवक की शिकायत पर सोमवार को गांव पहुंचे उपायुक्त स्वत: रोजगार की जांच के बाद अपात्र पाए गए नौ लोगों को रिकवरी के लिए मंगलवार को नोटिस जारी किया।
ग्रामवासी मो. इदरीश कि शिकायत पर सोमवार को भवानीपुर गांव पहुंचे उपायुक्त स्वत: रोजगार, बीडीओ आरबी यादव की जांच में नौ लोग अपात्र पाये गये। बीडीओ ने इस लोगों से आवास निर्माण के लिये मिली राशि की वसूली का नोटिस भी दिया।
इस नोटिस में चेतावनी दी गयी है कि यदि अपात्रों द्वारा राशि वापस नहीं की गयी तो विधिक कार्रवाई की जायेगी। बीडीओ मवई के मुताबिक, ग्राम भवानीपुर में वर्ष 2016-17 में 62 लोगों को प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हुआ था।
इनमें से 58 लाभार्थियों को पहली किस्त जारी की जा चुकी थी। शिकायतकर्ता इदरीश ने बताया कि उन्होंने 18 अगस्त को आईजीआरएस के माध्यम से डीएम को प्रधानमंत्री आवास निर्माण में धांधली की शिकायत की तो जांच करने को उपायुक्त स्वत: रोजगार आरबी यादव गांव पहुंचे।
वीडीओ बिहारीलाल ने बताया कि अपात्रों को कतई लाभ नहीं मिलेगा। बीडीओ रामबहाल यादव ने बताया कि अपात्र पाये गये सभी नौ लोगों से बचत खाते से आहरित की गयी आवास की प्रथम किश्त की राशि उसी खाते में जमा करने का निर्देश दिया है। अन्यथा सभी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जायेगी।