रोजगार सेवकों का वादाखिलाफी को लेकर प्रदर्शन
फैजाबाद। ग्राम रोजगार सेवकों ने सरकार की वादाखिलाफी के विरोध में मंगलवार को तहसील स्थित तिकोनिया पार्क में धरना-प्रदर्शन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री को संबोधित आठ सूत्री ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को दिया।
जिलाध्यक्ष अमरदीप गौड़ ने कहा कि, विगत विधानसभा चुनाव में सांसद कौशल किशोर ने अमित शाह, गृहमंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्या, प्रदेश प्रभारी ओम माथुर की सहमति से अपील पत्र जारी किया था कि सूबे में भाजपा सरकार बनने पर ग्राम रोजगार सेवकों का नियमितीकरण व उनकी समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता से करेंगे।
सरकार बनने के बाद अब भाजपा वादाखिलाफी कर रही है। यदि रोजगार सेवकों की मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होगी तो 18 जुलाई को लखनऊ में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
जिला संयोजक रामू निषाद ने कहा कि, यदि ग्राम रोजगार सेवकों को सहायक सचिव पद पर समायोजित कर दिया जाए तो हमारी मांगें पूरी हो जाएंगी और ग्रामीणों को भी राहत होगी। इस मौके पर जिला संगठन मंत्री पंकज मिश्र, महेश चतुर्वेदी, अनूप सिंह, शैलेंद्र तिवारी, अभय त्यागी मौजूद रहे।