पर्यटन के पैसे में बंदरबांट के खिलाफ आप का प्रदर्शन
फैजाबाद। अयोध्या और भरतकुंड के पर्यटन विकास के पैसे की बंदरबांट और अधूरे कार्यों के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने सदर तहसील के सामने तिकोनिया पार्क में धरना-प्रदर्शन और नारेबाजी की। पर्यटन अधिकारी की बर्खास्तगी के साथ ही घोटाले की जांच की मांग उठाई। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।
धरने को संबोधित करते हुए पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता सभाजीत सिंह ने कहा अयोध्या व भरतकुंड में पर्यटन विकास के नाम पर केंद्र व राज्य सरकार से मिले पैसे का बड़े पैमाने पर दुरुपयोग किया गया। बजट का पूरा पैसा खर्च होने के बावजूद निर्माण कार्य अधूरा है।
बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के सौंदर्यीकरण के नाम पर 48 लाख रुपये एक मद से दूसरे मद में स्थानांतरित किया गया। तत्कालीन डीएम से क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी को निलंबित करने के लिए शासन का पत्र लिखने के बावजूद कोई कार्रवाई न होना यह बताता है पर्यटन अधिकारी सब पर भारी है।
प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता हाथों में पर्यटन अधिकारी को बर्खास्त करो, घोटाले की जांच हो, पर्यटन विकास के नाम पर शुरू हुए कार्यों को पूरा करो, भरतकुण्ड में पर्यटन विकास में वित्तीय अनियमितता की जांच हो जैसे स्लोगन लिए धरनास्थल पर पहुंचे थे।
धरने के बाद मुख्यमंत्री को संबोधित मांग पत्र सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। अध्यक्षता यूके द्विवेदी तथा संचालन नदीम रजा ने किया। धरने में दिनेश शाक्य, गायत्री मिश्रा, रेखा वर्मा, सचेन्द्र कुमार, दिवाकर यादव, रामकुमार साहनी, दद्दन पांडेय, नरेंद्र कुमार तिवारी, राजेंद्र कुमार, रवि गौड़, नौमान अहमद आदि शामिल थे।