भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था चरमराई : अवधेश प्रसाद
अमर उजाला ब्यूरो
फैजाबाद। भाजपा सरकार के तीन माह के अंदर ही प्रदेश में अपराध का ग्राफ सपा सरकार की तुलना में दो गुना बढ़ गया है, कानून व्यवस्था चरमरा गई है। आज हर वर्ग असुरक्षित एवं स्वयं को ठगा सा महसूस कर रहा है। आजादी के बाद भाजपा ही एक ऐसी सरकार है, जिससे सबसे पहले जनता ऊब गई है। कर्ज माफी का एलान करके किसानों को नोटिस दे रहे हैं। यह बातें पूर्व मंत्री अवधेश प्रसाद ने सिविल लाइन स्थित एक होटल में पत्रकार वार्ता में कही।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अपराधों पर नियंत्रण कर पाने में फेल है। मथुरा कांड, गोरखपुर में व्यवसायी को कार में जलाना, लखनऊ में रोज हो रही घटनाएं इसके ज्वलंत उदाहरण हैं। कहा कि सपा सरकार में अखिलेश यादव द्वारा चलाई गईं समस्त योजनाओं पर रोक लग गई है, पहले 50 लाख लोगों को समाजवादी पेंशन मिलती थी, जिसे अब बंद कर दिया गया। मदरसे के अध्यापकों का डेढ़ माह से वेतन नहीं मिला है। सपा सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे, शहरी क्षेत्र में 24 घंटे तथा तहसील स्तर पर 22 घंटे बिजली देने की शुरूआत की थी, मौके पर सरकार बिजली देने में खूब वाहवाही लूट रही है, लेकिन मिल्कीपुर क्षेत्र में 4 दिन से बिजली नहीं है, इस उमस भरी गर्मी में बिजली कटौती से ग्रामीणों का बुरा हाल है।
कहा कि भाजपा ने अन्नदाताओं को भी छलने का काम किया है, उन्हें तरह-तरह के प्रलोभन देकर सत्ता में आई और अब उनकी उपेक्षा कर रही है। कर्जमाफी के नाम पर सरकार वाहवाही लूट रही है, लेकिन मौजूदा समय में बैंक किसानों को नोटिस जारी कर रहा है, किसी का कर्ज अभी तक माफ नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि अभी तक नीलगायों के प्रकोप से किसान परेशान थे, अब बछड़ों व छुट्टा जानवरों की तादाद इतनी बढ़ गई है कि किसानों की रातों की नींद हराम हो गई है, किसान अपने खेतों की रखवाली नहीं कर पा रहा है। सरकार को शीघ्र ही कृषक हित में व्यापक इंतजाम करना चाहिए, वरना किसान आंदोलित होने को मजबूर होगा। इस दौरान कार्यवाहक जिलाध्यक्ष गंगा सिंह यादव, ओमप्रकाश ओमी, राकेश यादव, अमित प्रसाद आदि मौजूद रहे।