तीन अस्पतालों में खुले जन औषधि केंद्र
फैजाबाद। अब मरीजों को अस्पताल में न मिलने वाली दवाएं बाहर से नहीं खरीदनी पड़ेगी। इसके लिए जिला अस्पताल, राजकीय श्रीराम चिकित्सालय व संयुक्त मंडलीय चिकित्सालय दर्शननगर में एक साथ प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र का उद्घाटन किया गया है। जिला अस्पताल में उद्घाटन करते हुए सांसद लल्लू सिंह ने कहा कि अब दवाओं के नाम पर गरीबों की जेब ढीली नहीं होंगी। मार्केट में काफी महंगी मिलने वाली दवाएं सस्ते दाम पर मरीजों को मिल सकेंगी। प्रधानमंत्री की यह पहल काफी सराहनीय है। इस दौरान प्रभारी सीएमएस डॉ. हरिओम श्रीवास्तव, डॉ. रामकिशोर आदि मौजूद रहे। संयुक्त मंडलीय चिकित्सालय दर्शननगर में नगर विधायक वेदप्रकाश गुप्ता व मुख्य विकास अधिकारी अक्षत त्रिपाठी ने जन औषधि केंद्र का उद्घाटन किया। प्रभारी सीएमएस डॉ. अरविंद सिंह ने बताया कि जो दवाएं अस्पताल में मौजूद नहीं होंगी, उसे मरीज जन औषधि केंद्र से 70 फीसदी सस्ती दरों पर प्राप्त कर सकते हैं। इस मौके पर सीएमओ डॉ. अशोक कुमार गुप्ता, योगेंद्र त्रिपाठी, सीएम शुक्ला आदि मौजूद रहे। वहीं राजकीय श्रीराम चिकित्सालय गोंडा के सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय ने जन औषधि केंद्र का उद्घाटन किया। विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री की दूरगामी सोच का नतीजा है कि अब मरीजों का इलाज और सस्ता हो सकेगा। इस मौके पर सीएमएस डॉ. अनिल कुमार, पुजारी रमेश दास, अस्पताल प्रबंधक शिशिर, वाईपी सिंह आदि मौजूद रहे।