चार जिलों की पीएसी बटालियन का होगा सुपरविजन
फैजाबाद। जिले को सोमवार को एक और सौगात मिली है। बरेली से डीआईजी पीएसी कार्यालय यहां शिफ्ट कर दिया गया। इस कार्यालय में प्रथम डीआईजी के रूप में आईपीएस अधिकारी मृणेंद्र सिंह की तैनाती की गई है। अब यहां से चार जिलों बाराबंकी, गोरखपुर, गोंडा व आजमगढ़ की पीएसी बटालियन का सुपरविजन होगा। साथ ही संवेदनशील अयोध्या की सुरक्षा पुख्ता होने के साथ बाढ़ के दौरान प्रभावित इलाकों पर नजर भी रखी जाएगी।
पुलिस लाइंस में पुष्पराज चौराहे के सामने सोमवार को पीएसी के डीआईजी कार्यालय का शुभारंभ एडीजी पीएसी आरके विश्वकर्मा द्वारा किया गया। एडीजी पीएसी ने बताया कि नवनियुक्त डीआईजी अब गोरखपुर, गोंडा, आजमगढ़ व बाराबंकी में तैनात पीएसी बटालियन का कार्य देखेंगे। इसके अलावा अयोध्या के आरजेबी परिसर में तैनात पीएसी की करीब 12 कंपनी, यलो जोन में एक के अलावा मेला ड्यूटी मिलाकर कुल 15 से 20 कंपनी पीएसी के साथ-साथ गोरखपुर-बहराइच में तैनात करीब 17 फ्लड कंपनियां भी डीआईजी के अंतर्गत कार्य करेंगी। बताया कि पीएसी के स्थाई कार्यालय व आवास आदि के लिए अयोध्या-फैजाबाद में भूमि की तलाश की जा रही है। यहां डीआईजी कार्यालय खुलने से पीएसी के जवानों की समस्याएं दूर करने में आसानी होगी साथ ही अनुशासन भी बढ़ेगा। कार्यालय के शुभारंभ से पूर्व एडीजी को पुलिस लाइंस में गार्ड ऑफ आनर भी दिया। उन्होंने पीएसी के कमांडेंट के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इस दौरान एडीजी समेत पीएसी के अन्य अधिकारियों ने कार्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया। इस मौके पर आईजी पीएसी ए सतीश गणेश, डीआईजी कानून व्यवस्था प्रवीण कुमार, सेनानायक पीएसी बाराबंकी राजेश कृष्णा, एसएसपी फैजाबाद डॉ. मनोज कुमार, एसपी सिटी अनिल सिंह सिसौदिया, सीओ अयोध्या राजू साव, सीओ बीकापुर अरविंद चौरसिया, सीओ सिटी धनंजय कुशवाहा समेत पीएसी के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।