पहले दिन बदहाल दिखी बुनियादी शिक्षा
फैजाबाद। ग्रीष्मावकाश के बाद सोमवार को पहले दिन स्कूल खुले तो बुनियादी शिक्षा बदहाली की गिरफ्त में रही। ज्यादातर स्कूलों में छात्रों की संख्या गिनती भर की रही तो कहीं खाता भी नहीं खुला। अधिकतर विद्यालयों में अध्यापक भी लेट लतीफ पहुंचे। कई जगह तो शिक्षक नदारद और स्कूल में ताले लगे रहे। कई स्कूल में चूल्हे भी बुझे पाए गए। रही-सही कसर की भरपाई बारिश से हो गई। पहले दिन नौनिहालों को ड्रेस, किताब आदि वितरण भी नहीं हो सका।
परिषदीय स्कूल सोमवार को ग्रीष्मावकाश के बाद खुल गए। लेकिन अव्यवस्थाओं ने इस बार भी बुनियादी शिक्षा व्यवस्था का पीछा नहीं छोड़ा। पहले ही दिन बेसिक शिक्षा परिषद की स्कूल खुलने पर बेहतर शिक्षण व्यवस्था संचालित कराने की तमाम तैयारी भी धरी रह गई। नौनिहालों को ड्रेस, कॉपी-किताब व बैग आदि का वितरण भी नहीं हो सका। आलम रहा कि स्कूल में बच्चों को मध्याह्न भोजन भी नहीं मिला। तमाम स्कूलों में इक्का-दुक्का छात्र संख्या रही, तो कहीं एक भी नहीं पहुंचे। कहीं-कहीं दोपहर 12 बजे से पूर्व ही ताला लटका मिला। ज्यादातर स्कूलों में सुबह नौ बजे तक शिक्षक नहीं पहुंच सके। पूराबाजार के प्राथमिक विद्यालय धर्मपुर में पंजीकृत 49 बच्चों में मात्र सात उपस्थित रहे। प्रधानाध्यापिका शशिकला यादव व सहायक अध्यापक संध्या सिंह मौजूद रहीं, जबकि सहायक अध्यापक रश्मि गायब रहीं। सामान न होने से एमडीएम नहीं बना। ऐसे ही जिले भर में पहला दिन सिर्फ अव्यवस्थाओं के बीच ही गुजर गया।
39 में से मात्र दो बच्चे आए
प्राथमिक विद्यालय धारा-2 में 10 बजे तक पंजीकृत 39 बच्चों में से दो उपस्थित रहे। जिनके पास पढ़ने को किताब तक नहीं थी। शिक्षामित्र शालिनी जायसवाल मौजूद रहीं, लेकिन पहला दिन स्कूल की साफ-सफाई की भेंट चढ़ गया। एमडीएम बनना तो दूर, रसोईघर में ही गंदगी पसरी रही। खानापूर्ति कर बच्चों को घर भेज दिया गया।
35 बच्चों में से एक भी नहीं पहुंचा
नगर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय महाजनी टोला में पंजीकृत 35 बच्चों में से एक भी नहीं पहुंचा। सहायक अध्यापक अंजली मौजूद रहीं और लिखा-पढ़ी के काम निपटाती रहीं। बच्चे तो नहीं दिखे लेकिन बरामदे में बाहरी लोगों की गाड़ियां खड़ी मिलीं। रसोइया मौजूद रही, लेकिन बच्चों की गैर मौजूदगी में एमडीएम नहीं बना।
बच्चों को नहीं मिला एमडीएम
प्राथमिक विद्यालय मोदहा में पंजीकृत 48 बच्चों में से सिर्फ दो पहुंचे। रसोइया तो रही लेकिन बच्चों के लिए एमडीएम नहीं बनाया गया। शिक्षामित्र अर्चना भारती ने बताया कि पहला दिन था, बारिश भी हो रही थी, इसलिए बच्चे कुछ कम आए हैं। अभिभावकों से संपर्क किया जा रहा है।
पूर्वाह्न 11:30 बजे बंद मिला विद्यालय
प्राथमिक विद्यालय ककराही पूर्वाह्न 11:30 बजे बंद मिला। प्राथमिक विद्यालय पारा गरीबशाह में नामांकित 82 छात्रों के सापेक्ष केवल चार छात्र उपस्थित मिले। पूर्वाह्न 11:15 बजे सहायक अध्यापक अरुण कुमार उपस्थित मिले बताया कि प्रधानाध्यापक शकील अहमद और दूसरे अध्यापक रामजनम वर्मा बीआरसी गये हैं। एमडीएम नहीं बना था। खंड शिक्षा अधिकारी कमला प्रसाद ने बताया कि लापरवाही बरतने वालों पर विभागीय कार्रवाई की जायेगी।
पहले दिन बरसात होने की वजह से स्कूलों में छात्र संख्या कम रही। इसके लिए अभिभावकों से भी संपर्क किया जा रहा है। रैली में ड्यूटी होने की वजह से स्कूलों का निरीक्षण नहीं हो सका। मंगलवार से कड़ी निगरानी की जाएगी व लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।-संजय गुप्ता, नगर शिक्षा अधिकारी फैजाबाद