मान्यता लेने के मानकों को सरल करने की मांग
फैजाबाद। उ.प्र. वित्तविहीन विद्यालय प्रबंधक संघ ने जिला बेसिक शिक्षा कार्यालय पर गुरुवार को धरना देकर सचिव बेसिक शिक्षा को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के माध्यम से मांग भेजा।
ज्ञापन में मांग की गई है कि जून तक संचालित मानक विहीन स्कूलों को बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा बंद कराने से प्रबंधकों व शिक्षकों को काफी संख्या में बेरोजगार होना पड़ेगा। छात्रों का भविष्य अंधकार मय होगा।
ऐसे में मान्यता के मानकों को सरल किया जाए। ज्ञापन में कहा गया है कि जनपद में संचालित ऐसे लगभग 600 स्कूलों में लगभग 10 हजार शिक्षित बेरोजगार प्रबंधक शिक्षक व शिक्षणेत्तर कर्मचारी के रूप में लगे हुए हैं, स्कूल बंद हुए तो सब बेरोजगार हो जाएंगे।
साथ ही कमजोर आर्थिक स्थिति वाले अभिभावकों के करीब एक लाख बालकों का भविष्य संकट में पड़ जाएगा। ज्ञापन में मान्यता के मानकों को सरल करने की भी मांग की गई है। ज्ञापन देने वालों में प्रदेश अध्यक्ष जयप्रकाश सिंह, राकेश तिवारी, विनय सिंह, रामवीर सिंह यादव शामिल रहे।