विभिन्न स्थानों पर निकली स्कूल चलो रैली
बीकापुर/मवई। स्कूल चलो अभियान के तहत सोमवार को आखिरी दिन शिक्षा क्षेत्र मवई व बीकापुर में रैली निकाली गई। विधायक रामचंद्र यादव व एडी बेसिक राजेश कुमार वर्मा ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मवई प्रतिनिधि के अनुसार स्कूल चलो अभियान के तहत सोमवार को 162 परिषदीय स्कूलों के शिक्षकों की रैली को हरी झंडी दिखाकर नेवरा से रवाना किया गया। शिक्षकों की ये रैली धधुवारा, मोहम्मदपुर, दाउदपुर, बसौढ़ी होकर मवई में समाप्त हुई।
इस दौरान इन शिक्षकों ने लोगों से बच्चों को परिषदीय स्कूल में भेजने की अपील की। इस दौरान प्रभारी बीएसए रामशंकर व बीईओ अरुण वर्मा के अलावा रामसागर पाल, एहतराम हुसेन, अवधेश शर्मा, आशुतोष तिवारी, प्रीती यादव समेत तमाम शिक्षक मौजूद रहे।
बीकापुर प्रतिनिधि के अनुसार बीकापुर में बीईओ कार्यालय से सोमवार को एसडीएम प्रमोद कुमार त्रिपाठी ने ब्लॉक स्तरीय स्कूल चलो अभियान रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली में एक दर्जन से अधिक परिषदीय तथा निजी स्कूलों के बच्चों ने नारे लगाकर अभिभावकों को अपने बच्चों को विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर बीईओ रामतीर्थ वर्मा, रविंद्र गौतम, हरिओम सिंह, सच्चिदानंद मिश्र आदि अध्यापक मौजूद रहे।