अयोध्या के सावन झूूला मेले की तैयारी शुरू
मेला के पहले श्रीराम की नगरी में सुनाई पड़ेगी हर-हर महादेव की गूंज
अमर उजाला ब्यूरो
फैजाबाद। अयोध्या के प्रसिद्ध सावन झूला मेले की तैयारी शुरू हो गई है। मेले में लाखों की भीड़ जुटती है। मेले के पूर्व राम नगरी में हर-हर महादेव की गूंज सुनाई पड़ेगी। इस दौरान अयोध्या आने वाले कांवड़ियों की भीड़ को सहेजना बड़ी चुनौती होगी। इसके लिए प्रशासन अभी से रणनीति तैयार कर रहा है।
सावन माह के शुरू होने के साथ ही श्रीराम की नगरी अयोध्या में हर-हर महादेव की गूंज सुनाई पड़ेगी। सावन का महीना आगामी 10 जुलाई को शुरू होगा। इसके तीन चार दिन बाद से भगवान भोले का जलाभिषेक करने को कांवरियों की भीड़ आने लगेगी। लगभग दस दिन तक आने वाले कांवरियों की भीड़ को सहेजना चुनौती पूर्ण काम होगा तो इसके तत्काल बाद 26 जुलाई को मणि पर्वत मेले के साथ सावन झूला मेले का आगाज होगा।
यह मेला सात अगस्त तक चलेगा, इस दौरान कई पर्व व त्योहार भी आएंगे। झूला मेले के दौरान अपने आराध्य को झूला झुलाने के लिए लाखाें की संख्या में श्रद्धालु प्रतिदिन अयोध्या पहुंचते हैं। मेले को लेकर जिला प्रशासन के साथ ही मठ मंदिरों में तैयारी शुरू हो गई है। प्रशासन ने नागरिक सुविधाओं और स्नान सहित अन्य कार्यों के लिए टेंडर जारी कर दिया है लेकिन अभी अयोध्या के प्रमुख भीड़ भाड़ वाले स्थलों राम की पैड़ी, नागेश्वरनाथ, सरयू घाट पर व्यवस्था बदतर स्थिति में है। इस बार अयोध्या में अंडर ग्राउंट केबल के लिए खुद रहे गड्ढे मुश्किल का कारण बन सकते हैं। इन गड्ढों को भरने का काम अब तक शुरू भी नहीं हो पाया है। प्रमुख मार्गो को छोड़ दिया जाए तो अयोध्या की गलियों की हालत पस्त है। प्रशासनिक अधिकारी सतवंत सिंह सेठी ने बताया कि मेले की व्यवस्था शुरू कर दी गई है। भीड़भाड़ वाली संवेदनशील अयोध्या की सुरक्षा व्यवस्था अहम् है। कांविरयों की भीड़ के साथ मेले के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मंथन शुरू हो गया है। इसी तरह प्रशासन ने नागरिक सुविधाओं को लेकर विभागों को पत्र लिखना शुरू कर दिया गया है। अपर जिलाधिकारी नगर विंध्यवासिनी राय ने बताया कि कांवरियों के जलाभिषेक और सावन झूला मेले की तैयारी शुरू कर दी गई है। संबंधित विभागों को निर्देश दिए जा रहे हैं। सड़क, बिजली, पानी, सुरक्षा के इंतजाम शुरू कर दिए गए हैं।