पाइप में उतरे करंट से वृद्धा की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
बीकापुर (फैजाबाद)। घर में लगी लोहे की पाइप में उतरे करंट की चपेट में आने से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गयी। कोतवाली क्षेत्र के शड़वा भड़वा कोंछा निवासी कुसमा (65) पत्नी मनोराम कोरी मंगलवार रात घर के आंगन में थी कि अचानक लोहे की पाइप में उतरे करंट की चपेट में आ गई। परिवारीजन गंभीर हालत में उसे सीएचसी लाये जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक ने बताया के वृद्धा की मौत अस्पताल आने से पूर्व हो गयी थी। हल्का एसआई बाबूराम राजवंशी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। ग्राम प्रधान मुस्लिम शेख ने बताया कि कुछ माह पूर्व मृतका के घर में बीपीएल विद्युत कनेक्शन लगाया गया था। मंगलवार की बरसात के कारण लोहे की पाइप में करंट उतर आया था। मृतका के नाम प्रधानमंत्री आवास योजना का आवास भी स्वीकृत है। परिवार अति गरीब है, मात्र पांच बिस्वा खेत है। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। उसके तीन पुत्र व दो पुत्री हैं। छोटे पुत्र रोहित की 18 जून को शादी है।