फोटो नं 14 टेक चंद्र की फाइल फोटो।
संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। मोहल्ला अजीतनगर के युवक का शव संदिग्ध हालात में घर के बंद कमरे में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को निकाला। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए। शव का पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
अजीतनगर निवासी टेक चंद्र (24) का मोहल्ले में मकान है। वह अपने परिवार के साथ दिल्ली में रहता था। पिता दर्जी का काम करते हैं। वह दो दिन पहले शुक्रवार को थाना फ्रेंड्स कॉलोनी के मोहल्ला अजीतनगर में अपने मकान में आया हुआ था। उसके मामा के बेटे राहुल ने बताया कि रविवार को परिवार के लोगों ने फोन किया कि टेकचंद्र का फोन नहीं उठ रहा है।
इस पर रात को घर पर जानकारी करने के लिए चला गया। अंदर से मुख्य गेट बंद था। काफी देर गेट खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन नहीं खुला। थोड़ी देर बाद पड़ोस के घर की छत से घर में प्रवेश किया, लेकिन टेक चंद्र कहीं दिखाई नहीं दिया। कमरे में जाकर देखा तो उसका शव पड़ा था। जानकारी मृतक के पिता अवधेश को दी गई।
उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। शव पड़े होने की जानकारी मिलने पर फ्रेंड्स कॉलोनी प्रभारी रमेश सिंह मौके पर पहुंचे और इसकी जानकारी अपने अधिकारियों को दी। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की है। शव को पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया है। एसपी सिटी कपिल देव सिंह ने बताया कि जांच पड़ताल की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।