चकरनगर। भरेह के पथर्रा गांव में बुधवार दोपहर एक युवक का शव खेत में खड़े नीम के पेड़ से फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पथर्रा गांव निवासी दुष्यंत उर्फ भूरे (38) का शव बुधवार दोपहर करीब एक बजे पशुबाड़े के पास स्थित खेत में खड़े नीम के पेड़ पर का फंदे से लटका मिला। खेत में बाजरे की बुआई कर रहे एक किसान की नजर पेड़ पर लटके युवक पर पड़ी। उसने परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। युवक को फंदे पर लटका देख परिजनों की चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष जगदीश सिंह भाटी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। मृतक शराब का आदी बताया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।(संवाद)