इटावा। शारदीय नवरात्र के आखिरी दिन मंगलवार को भक्तों ने मां सिद्धिदात्री की पूजा की। सुबह से ही भक्त मंदिर पहुंच गए और माता के दरबार में माथा टेका। हवन पूजन और सामूहिक आरती के बाद देवी स्वरूप कन्याओं को भोज कराकर उन्हें उपहार दिए। कालीबांह मंदिर में युवतियां जवारे लेकर पहुंचीं।
कालीबांह, कालिका देवी व ब्रह्माणी देवी मंदिरों में सुबह से शाम तक माना रानी के जयकारे गूंजते रहे। कालीबांह मंदिर में कुछ दूरी पर ऊंचाई पर स्थित काल भैरव मंदिर के भी भक्तों ने दर्शन किए। रामदरबार, हनुमान जी समेत अन्य मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। सिंधी कॉलोनी स्थित श्री झूलेलाल मंदिर में नवरात्र महोत्सव के दौरान दुर्गा के स्वरूप में प्रियांशी ने काल भैरव का वध किया।
उधर बड़े हनुमानजी के पास भंडारा हुआ। सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी रामनाथ यादव, सुभाष चौधरी, नितिन शर्मा, विनय गुप्ता, विमल जैन, रोहित शुक्ला, सौरभ तिवारी, देवू मिश्रा ने प्रसाद वितरित किया। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिला मंत्री रंजीत सिंह कुशवाहा ने भी भंडारे का आयोजन किया। व्यापारियों ने मां आदि शक्ति से विश्व शांति की कामना की। इस दौरान अध्यक्ष जागेश्वर प्रसाद अग्रवाल, जिला प्रभारी मनोज अग्रवाल, महामंत्री धर्मेंद्र जैन, उपाध्यक्ष लल्लू वारसी, जिला मंत्री इकरार अहमद मौजूद रहे।
पुरबिया टोला स्थित उदासीन गुरुद्वारा बाबा भगतराम के आश्रम में महंत गणेशदास ने हवन किया। इसके बाद कन्याओं को भोज कराया गया। मानव और समाज कल्याण के लिए आश्रम में प्रज्ज्वलित 111 अखंड कलश ज्योति के भक्तों ने दर्शन किए।
कालिका मंदिर में चढ़ाया झंडा व घंटा
बकेवर। लखनान के कालिका देवी मंदिर पर भक्तों ने झंडा और घंटा चढ़ाकर पूजा अर्चना की। एसडीएम भरथना कुमार सत्यम जीत ने लखना मंदिर का जायजा लिया। काली मंदिर भिटारी मुहाल, माता देवी मंदिर मातन मुहाल में भी भजन कीर्तन किया गया। (संवाद)
माता के नौ स्वरूपों की झांकी सजाई
भरथना। नगर में मोतीगंज में आयोजित श्री नवदुर्गा पूजा महोत्सव में माता के नौ स्वरूपों की झांकी सजाई गई। आचार्य अमित मिश्रा व राहुल दीक्षित ने आरती की। हनुमानगढ़ी छोला मंदिर पर कन्या भोज का आयोजन किया गया। आजाद रोड स्थित बालिका इंटर कॉलेज के पास व नगला केहरी स्थित विद्यालय में भंडारा हुआ। (संवाद)