चकरनगर। थाना भरेह के गढ़ा कास्दा गांव में शनिवार शाम घर के ऊपर निकली हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक मजदूर झुलस गया। गंभीर हालत में झुलसे जगत नारायण (31) पुत्र श्रीराम को परिजन उपचार के लिए पीएचसी राजपुर लाए, वहां से हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मृतक की पत्नी सुषमा देवी ने बताया कि छत के ऊपर से एचटी लाइन गुजरी है। पति छत में किसी काम से गए थे तभी चपेट में आकर झुलस गए। उसके पति को जिला अस्पताल से सैफई मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। मृतक के एक पुत्र और एक पुत्री है। घटना से सारे गांव में मातम छाया है। थाना प्रभारी जय प्रकाश सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। बिजली विभाग के उपखंडअधिकारी रचित शर्मा ने बताया कि अभी तक कंरट से मौत की सूचना विभाग को नहीं दी गई है, सूचना मिलने पर पड़ताल की जाएगी। (संवाद)