फोटो 16:: करवा चौथ पर खाद के लिए केंद्र पर बैठी महिलाएं। संवाद
भरथना। करवा चौथ के व्रत के बीच महिलाओं को खेतों के लिए डीएपी लेने की चिंता सताती रही। खेती की जरूरत ऐसी कि व्रत रखे होने के बावजूद महिलाएं खाद लेने के लिए केंद्र पहुंचीं और घंटों कतार में लगकर अपनी बारी का इंतजार करती रहीं। यह स्थिति खाद की किल्लत के बीच किसानों की परेशानी को बयां कर रही थी। क्षेत्र के भोली गांव स्थित पीसीएफ केंद्र पर गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे डीएपी खाद लेने के लिए किसानों की कतारें लगी थीं। इनमें कई महिलाएं भी शामिल थीं। गंगोरा निवासी अनीता देवी ने बताया कि खेत में डीएपी खाद की जरूरत है। इसी वजह से करवा चौथ के दिन भी खाद लेने आना पड़ा। वह व्रत के दौरान दो घंटे से अधिक समय से खाद मिलने का इंतजार कर रही थीं। इसी तरह नगला ताल निवासी नीलम, करवा निवासी माया देवी और नगला भारा निवासी गिरिजा देवी व सुषमा देवी भी खाद मिलने की आस में केंद्र पर बैठी रहीं। प्रभारी नीरज ने बताया कि जिन किसानों ने बुधवार को अपने कागजात जमा किए थे उन्हें प्राथमिकता के आधार पर खाद दी गई, इसके बाद अन्य किसानों को खाद का वितरण किया गया। (संवाद)